gidhaur.com (सोनो) :- प्रखंड कार्यालय सोनो में शुक्रवार को प्रखंड अंतर्गत लोहा पंचायत के मुखिया तथा सोनो के प्रखंड विकास पदाधिकारी के खिलाफ ग्रामीणों द्वारा जमकर नारेबाजी व प्रदर्शन किया गया। जिसमें लोहा पंचायत के सरपंच विश्वविजय सिंह ने बताया कि लोहा पंचायत के मुखिया जमादार सिंह और सोनो बी.डी.ओ. पंकज कुमार की मिली भगत से लोहा पंचायत में मनमानी तरीके से काम किया जा रहा है था। लोहा पंचायत के वार्ड नंबर 02 के सचिव पद का चुनाव भी मनमानी तरीके से किया गया है, जिसमें हर बार प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार सोनो को लिखित आवेदन देकर आपत्ति प्रकट की गई है, बावजूद इसके उन्होंने ध्यान नहीं दिया, जिस कारण ग्रामीणों व बीडीओ के समक्ष टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी कई बार लिखित आवेदन दिया गया, परंतु बी.डी.ओ. व मुखिया के द्वारा पक्षपात रवैया अख्तियार किया गया है।
बता दें कि, सरपंच के नेतृत्व में उक्त जुलुस सोनो चौक से चलकर प्रखंड कार्यालय पहुंची। फिर प्रखंड मुख्यालय का घेराव करते हुए दोनों के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए और अनियमित रूप से चयनित सचिव तथा प्रखंड कार्यालय में कार्यरत बीचौलियों को अविलंब हटाने की मांग की गई।
बताते चलें कि प्रखंड मुख्यालय में बी.डी.ओ. के अनुपस्थित रहने के कारण सभी लोग घंटों तक कार्यालय के समक्ष बैठकर धरना प्रदर्शन करते रहे।
इस संबंध में बी.डी.ओ. से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि अगले 08 मार्च को अनियमित रूप से चयनित सचिव को हटाकर पुनः सचिव का गठन किया जाएगा।
(चन्द्रदेव बरनवाल)
सोनो | 16/02/2018, शुक्रवार
www.gidhaur.com