एकमा में बोले सीएम नीतीश - सबका सहयोग मिले तो बिहार बनेगा मॉडल राज्य - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - Contact for Advt

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

गुरुवार, 18 जनवरी 2018

एकमा में बोले सीएम नीतीश - सबका सहयोग मिले तो बिहार बनेगा मॉडल राज्य

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अपने संकल्पों से न तो वे पीछे हटेंगे और न ही डिगेंगे। उनके संकल्पों के सामने राज्य की महिलाओं व युवाओं का चेहरा है। उनके भरोसे को बरकरार रखने के लिए ही संकल्प लिया गया है। इसमें सबका सहयोग मिले तो बिहार को मॉडल राज्य बनने से कोई नहीं रोक सकता। विकास समीक्षा यात्रा के दौरान गुरुवार को सारण जिले के एकमा प्रखंड के जज साहब के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने उक्त बातें कहीं । एकमा में जिले के लिए सवा चार करोड़ से भी अधिक 331 योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करने के बाद सीएम ने कहा कि हमने बाल विवाह, दहेज प्रथा, नशाखोरी को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लिया है।

 

महिलाओं की साहस की भी सराहना

महिलाओं की साहस की सीएम ने तारीफ की और कहा कि शराब के बारे में कोई भी खबर उत्पाद विभाग व पुलिस को पोल पर लिखे नंबर पर दें। नाम गोपनीय रखा जायेगा। सीएम ने कहा कि महिलाएं पहले से काफी जागरूक हुईं हंै और शराबबंदी का काफी फायदा हुआ है।

कमियों को दूर करने के लिए हो रही समीक्षा यात्रा

सीएम ने कहा कि मेरी समीक्षा यात्रा इसलिए होती है कि, कमियां समुचित निर्देश के माध्यम से दूर की जायें और विकास की गाड़ी आगे बढ़ सके। सिर्फ छपरा ही नहीं पूरे बिहार में विकास की गति को तेज किया गया है। इसी का परिणाम है कि आज बिहार विकास के पथ पर तेजी से बढ़ रहा है। 2005 के पहले पता ही नहीं चलता था कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क। आज आपके यहां आरा-छपरा जैसा विशाल पुल है, तो छपरा व सीवान की सड़कें चकाचक हैं।

मुखियों का नहीं छीना गया अधिकार

सीएम ने जनता से सीधे संवाद करते हुए कहा कि कुछ लोगों ने मुखियों को भड़का दिया है कि उनका अधिकार छिन गया है, तो आप ही बतायें कि क्या पक्की नली-गली बन जाने से मुखियों का अधिकार छिन जायेगा। सरकार के विकास के प्रति हर कदम उठा रही है। सरकार मुखियों के प्रति किसी पुराग्रह से ग्रसित नहीं है।

देश में बिहार मॉडल की हो रही सराहना

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सीमित संसाधन में ही सभी विकास कार्य पूरा करने का लक्ष्य बनाया गया है। आपका साथ की वजह से ही बिहार मॉडल की सराहना अन्य प्रदेश कर रहे हैं। बिहार विकास के मामले में देश में अपना अलग स्थान बनायेगा।

सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ उठायें आवाज

दहेज प्रथा, बाल विवाह व शराबबंदी जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए सीएम ने लोगों से आह्वान किया। उन्होंने 21 जनवरी को इन कुरीतियों के खिलाफ बनने वाली मानव शृंखला में सभी दल व समुदाय के लोगों से शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास कार्य में कभी भेदभाव नहीं करते हैं।

एकमा को अनुमंडल बनाने पर होगा विचार

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि पिछली बार जब वे एकमा आये थे तो उस समय एकमा को अनुमंडल बनाने की मांग नहीं आयी थी। इस बार यह मांग उठी है, तो अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गयी है। रिपोर्ट के अध्ययन करने के बाद सरकार अनुमंडल बनाने का निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि एकमा में बीस की बजाए पचास केवीए क्षमता वाला ग्रिड बनाया जायेगा। भविष्य में सौ केवीए क्षमता वाला ग्रिड बनेगा। शिक्षा, कृषि व बिजली का समुचित विकास होगा। जल-नल के अलावा सरकारी चापाकलों को भी दुरुस्त किया जायेगा। सभा को जल संसाधन मंत्री ललन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल, विधायक डॉ. सीएन गुप्ता, शत्रुघ्न तिवारी उर्फ चोकर बाबा, मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह, विधान पार्षद डॉ. वीरेन्द्र नारायण यादव, पूर्व मंत्री गौतम सिंह  मंटू सिंह ने भी संबोधित किया। डीएम हरिहर प्रसाद ने स्वागत भाषण किया। जीविका दीदियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत की। जिलाध्यक्ष अल्ताफ आलम राजू, जदयू नेता शैलेन्द्र प्रताप ने शॉल व बुके देकर सम्मानित किया। एनडीए से जुड़े विभिन्न दलों के जिलाध्यक्ष व नेता मौजूद थे।

अनूप नारायण
18/01/2018, गुरुवार

Post Top Ad -