जमुई : सामाजिक परिवर्तन की मिसाल कायम करने वाली महिलाएं हुई सम्मानित - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

मंगलवार, 26 दिसंबर 2017

जमुई : सामाजिक परिवर्तन की मिसाल कायम करने वाली महिलाएं हुई सम्मानित

Gidhaur.com (जमुई) : सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित अशोक टाउन हॉल में समग्र सेवा व अम्मा परिवार द्वारा महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिसमें समाज में प्रेरणात्मक कार्य कर सामाजिक परिवर्तन की मिसाल कायम करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री दामोदर रावत, जदयू के प्रदेश महासचिव ई. शम्भुशरण, जदयू जिलाध्यक्ष शिवशंकर चौधरी, पूर्व जिला पार्षद ब्रह्मदेव रावत, जिला पार्षद अब्दुल क्यूम, डॉ. मासूम, एवं डॉ. अंजनी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
जिसके बाद छोटी बच्चियों द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुति दी गई एवं अतिथियों का स्वागत संस्था के मकेश्वर रावत द्वारा किया गया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष दामोदर रावत ने एक वाकये का जिक्र करते हुए कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया ने देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरु से महिलाओं के लिए समूचे देश के सभी घरों में शौचालय का निर्माण कराने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि जब हर घर में शौचालय हो जायेगा तो महिलाओं का जीवन संवर जाएगा। आज के समय में महिलाएं अपने घर के कामों के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी आगे आ रही हैं। जिसके लिए वो सम्मान और बधाई की हकदार हैं। महिलाएं गांव-देहात में भी अपने अभूतपूर्व कार्यों से समाज में परिवर्तन ला रही हैं। इस प्रकार के आयोजन से उन्हें सम्मानित होने का सौभाग्य मिलता है, जिसके लिए यह संस्था धन्यवाद की पात्र है।
कार्यक्रम में विशेष रूप से भाग ले रहे महादेव सिमरिया के रहने वाले मिहिजाम में झारखण्ड पुलिस पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित अजय कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जमुई की मिट्टी उर्वरक और ऊर्जावान हैं। यहाँ के कई लोग देशभर में कई विभिन्न पदों को सुशोभित कर रहे हैं। वर्तमान समय में महिलाएं भी चारदीवारी से निकल सामाजिक परिवर्तन में जुटी हैं, जो स्वागत योग्य है।
इस अवसर पर सम्मानित होने वालों में नीम नवादा की पुष्पा कुमारी, डुमरकोला की बसमति देवी, केडिया की धनिया देवी, अगहरा की सरिता देवी व कई अन्य महिलाओं सहित खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक हासिल करने वाली बरूअट्टा निवासी अंजनी कुमारी व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए गिद्धौर की अपराजिता सिन्हा को सम्मानित किया गया।

इस दौरान खेल जगत के कई अन्य खिलाडियों को भी सम्मानित किया गया। साथ ही 50 ऐसे बच्चे जिनके माता-पिता नहीं हैं, उन्हें संस्था द्वारा स्वेटर प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 'बाल मजदूरी के रोकथाम' से सम्बंधित नुक्कड़ नाटक की भी प्रस्तुति दी गई। जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी कला का प्रदर्शन कर खूब वाहवाही लूटी।
कार्यक्रम का संचालन विदुषी शिक्षिका श्रीमती आर्या सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी राजनंदिनी, जदयू महासचिव ई. शम्भुशरण, जदयू जिलाध्यक्ष शिवशंकर चौधरी, पूर्व जिला पार्षद ब्रह्मदेव रावत, जिला पार्षद अब्दुल क्यूम व अन्य वक्ताओं ने भी अपने उद्गार व्यक्त किये। 
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा व बच्चों ने भाग लिया। इस दौरान संस्था की गतिविधियों से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म की शूटिंग भी की गई जिसे शीघ्र रिलीज़ किया जाएगा। महिला सम्मान समारोह के आयोजन में सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. एस. एन. झा एवं डॉ. अंजनी सिन्हा का विशेष योगदान रहा।

Gidhaur.com      |       26/12/2017, मंगलवार

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment