Breaking News

6/recent/ticker-posts

अलीगंज : यात्री शेड न होने से होती है असुविधा, निर्माण के मांग पर मिलता है आश्वासन

Gidhaur.com (अलीगंज, जमुई) : लगभग डेढ़ लाख की आबादी वाले अलीगंज प्रखंड में हजारों लोग प्रति दिन यहाँ से यात्रा तय करते हैं। लेकिन इन यात्रियों को बसों के इंतजार के लिए एक भी यात्री शेड नही रहने से काफी दिक्कतो का सामना करना पड़ता है। जिले के अलीगंज प्रखंड के अलीगंज बाजार में यात्री शेड नही रहने से प्रखंड वासियो को अब मायुसी हाथ लगने लगा है। उन्हें कही यात्रा करने में निकलने से पहले बसों व ऑटो का इंतजार करने में कुछ देर सोचना पड़ता है। अकेले सफर करने वाले लोग तो कहीं भी खड़े हो कर बस के आने का इंतजार कर लेते हैं। लेकिन परिवार के साथ यात्रा करने वाले लोगों को यात्री शेड की कमी महसूस होती है।

यात्री गोरेलाल यादव, शान्ति देवी, सुलेखा देवी, पूजा कुमारी, मनोज कुमार सहित दर्जनों यात्रियों ने बताया कि यात्री शेड नही रहने से खासकर महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में सबसे ज्यादा फजीहत झेलनी पड़ती है। गरमी के दिनों में सड़क किनारे पेड़ के छाँव में या तो फिर किसी दुकान के आगे सहारा लेना विवशता हो जाता है। लोगों ने बताया कि कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से यात्री शेड बनवाने की माँग की गई लेकिन आज तक सिर्फ आश्वासन के अलावा कुछ नही मिल पाया है। आज तक अलीगंज प्रखंडवासी एक अदद यात्री शेड के लिए लालायित है।

समाजसेवी सह अधिवक्ता शशिशेखर सिंह मुन्ना एवं महिला नेत्री व पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी शीलू देवी ने बताया कि पूर्व में अलीगंज में इसलामनगर मोड़ स्थित यात्री शेड पूर्व मंत्री प्रयाग चौधरी के सौजन्य से बनाया गया था। लेकिन यह अब जर्जर होकर धाराशायी हो गया है। यात्री शेड से आम लोगों के साथ-साथ राहगीरों एवं यात्रियों को बसों का इंतजार करने में काफी सहुलियत मिलती थी। एक बस के अनियंत्रित होकर यात्री शेड में घुस जाने की वजह से यह यात्री शेड क्षतिग्रस्त हो गया था। इस यात्री शेड के गिर जाने की वजह से यात्रियों को बसों का इंतजार करने में किसी दुसरे के दरवाजे या तो दुकान के सामने मोहताज होना पड़ता है। नेता द्वय ने स्थानीय सांसद चिराग पासवान को आवेदन देकर अलीगंज बाजार में यात्री शेड बनवाने की माँग की है।

चन्द्रशेखर सिंह
अलीगंज     |      17/11/2017, शुक्रवार
www.gidhaur.com

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ