- सीसीटीवी निगरानी, माइकिंग और स्वास्थ्य टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर
- श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट
गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 13 अक्टूबर 2026, मंगलवार। शारदीय दुर्गा पूजा एवं लक्ष्मी पूजा के अवसर पर गिद्धौर में आयोजित ऐतिहासिक पूजा और मेले को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार ने मेला परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था का जायजा लेते हुए गिद्धौर थानाध्यक्ष, पुलिस पदाधिकारियों तथा पूजा समिति के सदस्यों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भीड़ नियंत्रण और सीसीटीवी निगरानी पर जोर
निरीक्षण के दौरान साइबर डीएसपी ने पूजा समिति के पदाधिकारियों से मेले में आयोजित होने वाली गतिविधियों और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को लेकर जानकारी ली। उन्होंने मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने तथा आवश्यक स्थानों पर माइकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाने में सुविधा हो।
नदी में सावधानी बरतने की अपील
मां पतसंडा को दंडवत देने के लिए विभिन्न जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीएसपी ने नदी में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने मेला परिसर में स्वास्थ्य टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश
साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार ने पूरे मेला परिसर का भ्रमण कर प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को असामाजिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया। साथ ही, पूजा समिति और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि मेले के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अवर निरीक्षक पंकज सिंह, जय प्रकाश सिंह, शारदीय दुर्गा पूजा सह लक्ष्मी पूजा समिति के सदस्य तथा पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।


