गिद्धौर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की बदहाल तस्वीर, शौचालय से लेकर पेयजल तक अव्यवस्था - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

मंगलवार, 15 सितंबर 2026

गिद्धौर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की बदहाल तस्वीर, शौचालय से लेकर पेयजल तक अव्यवस्था

प्लेटफॉर्म नंबर-1 का शौचालय बदहाल, प्रवेश द्वार पर ही गंदगी और दुर्गंध से यात्री परेशान
गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 15 सितंबर 2026, मंगलवार : दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले गिद्धौर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर स्थित शौचालय की स्थिति बेहद खराब है। शौचालय के प्रवेश द्वार पर गंदगी और दुर्गंध का आलम है। यहां शौच एवं मूत्र त्याग किए जाने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी होती है।
शौचालय का गेट तक नहीं है। इसकी दीवारें जर्जर हो चुकी हैं और छत भी गिरने की स्थिति में दिखाई देती है। साफ-सफाई और नियमित रखरखाव के अभाव में शौचालय की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। ऐसे में स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों, खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

पावरग्रिड के सौजन्य से बना पब्लिक शौचालय भी बंद
स्टेशन परिसर में पावरग्रिड के सौजन्य से निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत निर्मित पब्लिक पे एंड यूज शौचालय भी यात्रियों के लिए उपयोगी नहीं रह गया है। इस शौचालय में ताला लटका हुआ है। वहीं, लंबे समय से रखरखाव नहीं होने के कारण इसकी छत पर झाड़ियां उग आई हैं।
बताया गया कि इस पे एंड यूज शौचालय के लिए शौचालय उपयोग का शुल्क 10 रुपये तथा पेशाब के लिए 5 रुपये निर्धारित है। हालांकि, शौचालय बंद रहने के कारण निर्धारित शुल्क देकर भी यात्री इस सुविधा का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
पेयजल के नलों से लगातार बह रहा पानी, खराब पड़ी हैं टोंटियां
स्टेशन पर शौचालय की बदहाली के साथ-साथ पेयजल व्यवस्था में भी लापरवाही सामने आई है। फुट ओवरब्रिज के समीप लगे पेयजल के नल की टोंटी खराब होने के कारण लगातार पानी बह रहा है। पानी की इस तरह बर्बादी लंबे समय से यात्रियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

इसी तरह द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय के समीप लगे पेयजल के नल की टोंटी भी खराब बताई गई है। यहां से भी पानी अनवरत बहता रहता है। एक ओर यात्रियों को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की जरूरत है, वहीं दूसरी ओर खराब टोंटियों के कारण उपलब्ध पानी भी लगातार बर्बाद हो रहा है।
अधिकारी का पक्ष जानने का प्रयास, बंद मिला डिप्टी स्टेशन मैनेजर का कक्ष
स्टेशन की इन समस्याओं के संबंध में अधिकारियों का पक्ष जानने का प्रयास किया गया। इसके लिए डिप्टी स्टेशन मैनेजर के कक्ष में पहुंचने पर कक्ष अंदर से बंद मिला। बताया गया कि कक्ष के अंदर एसी चलते रहने के कारण दरवाजा बंद था। इस वजह से संबंधित अधिकारी से तत्काल बातचीत नहीं हो सकी और समस्याओं को लेकर रेलवे प्रशासन का पक्ष सामने नहीं आ पाया।

यात्रियों ने अविलंब व्यवस्था दुरुस्त करने की उठाई मांग
गिद्धौर रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में स्टेशन जैसी सार्वजनिक जगह पर शौचालय और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति यात्रियों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रही है।
रेल यात्रियों ने रेल प्रशासन से मांग की है कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 के जर्जर शौचालय की तत्काल मरम्मत कराकर गेट लगाया जाए, नियमित साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा पावरग्रिड के सौजन्य से निर्मित पब्लिक पे एंड यूज शौचालय को भी यात्रियों के उपयोग के लिए खोला जाए। इसके साथ ही खराब पेयजल नलों की टोंटियां अविलंब बदलकर पानी की बर्बादी रोकने और यात्रियों को समुचित पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment