गिद्धौर में सनातन संस्कृति सेवा समिति ने सजाया भव्य जन्माष्टमी पंडाल, मध्यरात्रि हुई प्राण प्रतिष्ठा - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

शनिवार, 5 सितंबर 2026

गिद्धौर में सनातन संस्कृति सेवा समिति ने सजाया भव्य जन्माष्टमी पंडाल, मध्यरात्रि हुई प्राण प्रतिष्ठा

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 5 सितंबर 2026, शनिवार : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर गिद्धौर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। सनातन संस्कृति सेवा समिति की ओर से गिद्धौर स्थित गायत्री मंदिर (पंचमंदिर) के निकट भव्य पंडाल का निर्माण कर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जहां स्थापित भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न मनमोहक प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई हैं।

महोत्सव के तहत शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि विधि-विधान के साथ कलश स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। पूजन कार्यक्रम समिति के पुरोहित उत्तम कुमार झा उर्फ राजा बाबू के निर्देशन में शास्त्रोक्त विधि से कराया गया। इस दौरान यजमान के रूप में रॉकी कुमार, नीतीश कुमार गट्टू, आदित्य रावत एवं आशीष कुमार गुप्ता ने पूजा-अर्चना में भाग लिया और धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न कराया।

माखन खाते और राधा संग विराजमान श्रीकृष्ण की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र
जन्माष्टमी महोत्सव के लिए तैयार किए गए पंडाल में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप से लेकर उनके विभिन्न मनोहारी रूपों को प्रतिमाओं के माध्यम से दर्शाया गया है। बाल रूप में माखन खाते भगवान श्रीकृष्ण, माखन चुराते कान्हा तथा राधा रानी के साथ विराजमान श्रीकृष्ण की प्रतिमाएं श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रही हैं।
प्रतिमाओं को आकर्षक और जीवंत स्वरूप प्रदान किया गया है, जिससे पंडाल में पहुंचने वाले श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न रूपों का दर्शन कर भावविभोर हो रहे हैं। इन प्रतिमाओं का निर्माण श्याम आर्ट के मूर्तिकार रणवीर द्वारा किया गया है।
तीन दिनों तक चलेगा धार्मिक आयोजन
समिति के सदस्य बिट्टू कुमार रावत ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा। इसके बाद रविवार को मंत्रोच्चार के साथ विसर्जन संबंधी धार्मिक प्रक्रिया एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा।

उन्होंने बताया कि आगामी 7 सितंबर, सोमवार को प्रतिमा को प्रवाह के लिए निष्क्रमण कर त्रिपुर सुंदरी तालाब में विसर्जित किया जाएगा। इसके लिए समिति की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

ग्रामीणों का मिल रहा भरपूर सहयोग
जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में सनातन संस्कृति सेवा समिति के सदस्यों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। समिति के सदस्यों द्वारा पंडाल की व्यवस्था, पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं की सुविधा और प्रसाद वितरण सहित अन्य तैयारियों को लेकर लगातार सक्रियता दिखाई जा रही है।
समिति के सदस्यों का कहना है कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना भी है।

आयोजन की सफलता के लिए जुटे हैं समिति के सदस्य
जन्माष्टमी महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर सुमन कुमार रावत, राकेश कुमार, ठाकुर अंकित, संतोष पंडित, धीरज कुमार, अंजेश कुमार, आकाश कुमार सोनू, राज कुमार, मिथिलेश कुमार, अमित कुमार, प्रिंस झा, पीयूष कुमार, विकास माथुरी, आकाश कुमार सहित समिति के अन्य सदस्य पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जुटे हुए हैं।

आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए समिति द्वारा व्यवस्थाओं को सुचारू रखने का प्रयास किया जा रहा है। जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर गिद्धौर के लोगों में उत्साह का माहौल है तथा आने वाले दिनों में भी पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment