जमुई/बिहार। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं जाममुक्त बनाने को लेकर गुरुवार को नगर परिषद, जमुई की कार्यपालक पदाधिकारी प्रियंका गुप्ता की अध्यक्षता में जमुई चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था एवं पार्किंग समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शहर की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव रखे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी व्यवसायियों, सब्जी विक्रेताओं, ठेला संचालकों एवं अन्य दुकानदारों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों में डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। दुकानों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को सड़क या सार्वजनिक स्थान पर फेंकने के बजाय नगर परिषद के कचरा संग्रहण वाहन को ही सौंपना होगा।
नगर परिषद की ओर से बताया गया कि व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से निर्धारित समय सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे के बीच कचरा संग्रहण वाहन के माध्यम से कचरा उठाया जाएगा। व्यवसायियों से अपील की गई कि वे निर्धारित समय पर अपना कचरा कचरा वाहन में ही दें, ताकि शहर में जगह-जगह कचरा जमा होने की समस्या को दूर किया जा सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सड़क पर कचरा फेंकते पकड़े जाने वाले व्यवसायियों पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माना जमा नहीं करने की स्थिति में नगर परिषद द्वारा संबंधित प्रतिष्ठान के सामने कचरा डालने के साथ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए स्वच्छता नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
शहर में धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बालू ढोने वाले वाहनों को अनिवार्य रूप से तिरपाल से ढककर चलाने का निर्देश दिया गया, ताकि परिवहन के दौरान बालू उड़ने से होने वाले धूल प्रदूषण को कम किया जा सके। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए खनन विभाग को भी सूचना भेजने का निर्णय लिया गया।
शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी सहमति बनी। इसके तहत कल्याणपुर वार्ड संख्या 20 में विवाह भवन के समीप स्थल का चयन कर पार्किंग बनाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा प्रधान डाकघर एवं थाना के समीप मोटरसाइकिल वाहन पड़ाव विकसित करने पर भी सहमति बनी, जिससे बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहनों के खड़े होने की समस्या को कम किया जा सके।
बैठक में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर कचरा रखने के लिए कंक्रीट से बने स्थायी स्ट्रक्चर का निर्माण कराने का भी निर्णय लिया गया। इससे सार्वजनिक स्थलों पर कचरा बिखरने की समस्या को नियंत्रित करने और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
बैठक में जमुई चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सुनील कुमार वर्णवाल, सचिव नितेश कुमार केशरी, उपाध्यक्ष मनीष कुमार उर्फ घंटी साह, कार्यकारिणी सदस्य राजेश वर्मा, वार्ड पार्षद सिकंदर साह एवं समाजसेवी बबन सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।







