जमुई/बिहार। जिला जदयू कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में शुक्रवार को फरक्का जलसंधि को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र महतो ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि बांग्लादेश के साथ गंगा नदी के जल बंटवारे को लेकर वर्ष 1996 में 30 वर्षों के लिए फरक्का जलसंधि हुई थी, जिसकी अवधि 12 दिसंबर 2026 को समाप्त होने जा रही है। ऐसे में संधि के नवीनीकरण से पहले बिहार के हितों पर गंभीरता से विचार किया जाना आवश्यक है।
जदयू जिलाध्यक्ष ने कहा कि फरक्का जलसंधि से सबसे अधिक प्रभावित होने वाले राज्यों में बिहार भी शामिल है। जिस समय यह संधि हुई थी, उस समय परिस्थितियां अलग थीं, लेकिन वर्तमान में बिहार सूखे की समस्या से जूझ रहा है। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाने के कारण उनकी स्थिति लगातार चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। ऐसे समय में बिहार को स्वयं अधिक जल की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब बिहार को ही पर्याप्त पानी की जरूरत है तो जल बंटवारे की व्यवस्था में राज्य के हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि यदि फरक्का जलसंधि को आगे बढ़ाया जाता है तो बिहार की वर्तमान परिस्थितियों, जल आवश्यकता और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए इसमें आवश्यक पुनर्विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री एवं जदयू के नेता नीतीश कुमार लगातार फरक्का जलसंधि को लेकर बिहार के हितों की चिंता जताते रहे हैं और संधि की समीक्षा की मांग करते रहे हैं।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिला जदयू, जमुई की ओर से सरकार से मांग की जाती है कि जलसंधि के संबंध में भविष्य में कोई भी निर्णय लेते समय बिहार के हितों और किसानों की वर्तमान स्थिति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि राज्य के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रेस वार्ता को पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अभियंता शंभूशरण तथा जिला उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता सुनील वर्णवाल ने भी संबोधित किया। दोनों नेताओं ने फरक्का जलसंधि की पुनः समीक्षा किए जाने की मांग करते हुए कहा कि बिहार के जल संसाधनों और किसानों के हितों को ध्यान में रखकर ही आगे की नीति निर्धारित की जानी चाहिए।
इस अवसर पर जदयू नेता हरिओम कुशवाहा, दीपक कुमार, गरीब खान, जमुई नगर अध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा, खैरा प्रखंड अध्यक्ष रामानंद सिंह, बरहट प्रखंड अध्यक्ष भीष्मदेव मंडल, पिंटू मंडल, कुशु कुमार, सोहन कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







