जमुई/बिहार। जिला जदयू कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में शुक्रवार को जदयू महिला प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जदयू महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष बबीता पांडेय ने की। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों, महिला कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठन को पंचायत से लेकर जिला स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार प्रदेश जदयू महिला अध्यक्षा सह विधान परिषद सदस्य शिवरानी प्रजापति पहुंचीं। उनके साथ प्रदेश महिला उपाध्यक्ष अनिता मिश्रा एवं दक्षिण बिहार की प्रभारी सुप्रिया रानी भी मौजूद रहीं। प्रदेश पदाधिकारियों के जमुई पहुंचने पर महिला कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महिला अध्यक्षा शिवरानी प्रजापति ने कहा कि नारी शक्ति सबसे बड़ी शक्ति है और समाज एवं प्रदेश के विकास में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बिहार में महिलाओं की स्थिति को बेहतर बनाने तथा उन्हें सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में महिलाओं की स्थिति काफी दयनीय थी, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता को लेकर लगातार योजनाएं लागू की गईं। उन्होंने जीविका, आशा कार्यकर्ताओं की व्यवस्था, महिलाओं को आरक्षण तथा स्थानीय निकायों में महिलाओं की भागीदारी को महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
शिवरानी प्रजापति ने कहा कि महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभ लेने वाला वर्ग नहीं, बल्कि विकास और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाने की दिशा में भी लगातार काम हुआ है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं तथा संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत करें।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले समय में संगठन की मजबूती के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने निशांत कुमार के हाथों को मजबूत करने और उन्हें सत्ता के शीर्ष शिखर तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत से प्रयास करने की बात कही।
बैठक के दौरान महिला प्रकोष्ठ की संगठनात्मक गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष बबीता पांडेय ने महिला कार्यकर्ताओं से नियमित रूप से क्षेत्र में सक्रिय रहने, आम महिलाओं की समस्याओं को समझने तथा संगठन से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जदयू महिला प्रकोष्ठ को जिले के प्रत्येक प्रखंड और पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा।
बैठक के अंत में धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए जदयू जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र महतो ने कहा कि जमुई जिले में महिला संगठन आने वाले दिनों में एक सशक्त रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से जदयू के संगठन को नई मजबूती मिलेगी और पार्टी को जिले में एक सशक्त पहचान दिलाने में महिला प्रकोष्ठ महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने बैठक में शामिल प्रदेश पदाधिकारियों एवं सभी महिला कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महिला कार्यकारिणी की रुकसार प्रवीण, मंजू देवी, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवशंकर चौधरी, जिला उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता सुनील वर्णवाल, दीपक कुमार, भीष्मदेव मंडल, रामानंद सिंह, राजेश कुमार वर्मा, सुभाष महतो, गरीब खान सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। बैठक में महिला संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।







