बोले- व्यवहार से कभी नहीं लगा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिल रहे हैं
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से बिहार भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष कुमार पांडेय ने नई दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच संगठन और बिहार से जुड़े विभिन्न विषयों पर बातचीत हुई।
मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर साझा की भावनाएं
मुलाकात के बाद मनीष कुमार पांडेय ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा –
यह बिहार के प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए गर्व का विषय है कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार की पावन भूमि से आते हैं। उन्होंने कहा कि इससे भी अधिक सुखद अनुभव तब होता है, जब राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के दौरान उनके व्यवहार में अपनापन और सहजता दिखाई देती है।
मनीष कुमार पांडेय ने अपने पोस्ट में कहा कि मुलाकात के दौरान ऐसा बिल्कुल महसूस नहीं हुआ कि वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिल रहे हैं। उनके व्यवहार में ऐसी आत्मीयता थी, जैसे पटना में अपने ही किसी परिचित से मुलाकात हो रही हो। उन्होंने नितिन नवीन के सहज और आत्मीय व्यवहार को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
गिद्धौर के रहने वाले हैं मनीष कुमार पांडेय
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मनीष कुमार पांडेय मूल रूप से जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड के रहने वाले हैं। छात्र जीवन से ही उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी शुरू की। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की थी।
इसके बाद वह भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़े और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए भारतीय जनता पार्टी में पहुंचे। पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रियता के साथ उन्होंने अपनी पहचान बनाई।
प्रखर वक्तृत्व शैली के कारण मिली प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी
मनीष कुमार पांडेय की प्रखर वक्तृत्व शैली और राजनीतिक विषयों पर प्रभावी ढंग से अपनी बात रखने की क्षमता को देखते हुए भाजपा ने उन्हें बिहार प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश प्रवक्ता के रूप में वह पार्टी की नीतियों और विचारों को विभिन्न मंचों पर रखने के साथ-साथ समसामयिक राजनीतिक विषयों पर पार्टी का पक्ष रखते हैं।
गिद्धौर जैसे ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर भाजपा के प्रदेश स्तर पर प्रवक्ता की जिम्मेदारी तक पहुंचने वाले मनीष कुमार पांडेय की राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से हुई यह मुलाकात स्थानीय राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में भी चर्चा का विषय बनी हुई है।







