जमुई : 549वीं रविवारीय साइकिल यात्रा के तहत महिला थाना परिसर में हुआ पौधारोपण - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

मंगलवार, 14 जुलाई 2026

जमुई : 549वीं रविवारीय साइकिल यात्रा के तहत महिला थाना परिसर में हुआ पौधारोपण

जमुई/बिहार। पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जन-जागरूकता के उद्देश्य से लगातार अभियान चला रही सामाजिक संस्था "साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई" ने अपनी 549वीं रविवारीय साइकिल यात्रा के अंतर्गत रविवार को "हर परिसर हो हरा-भरा" अभियान के तहत महिला थाना परिसर में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान थाना परिसर के चारों ओर लगभग तीन दर्जन छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जवानों तथा संस्था के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संदेश दिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे संस्था के सक्रिय सदस्य गौतम पासवान ने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि आज जिस तेजी से पर्यावरण प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और हरित क्षेत्र में कमी देखने को मिल रही है, उसे देखते हुए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी पूरी जिम्मेदारी के साथ करे। उन्होंने कहा कि यदि आज हम प्रकृति के संरक्षण के प्रति गंभीर नहीं होंगे तो भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और संतुलित पर्यावरण उपलब्ध कराना एक बड़ी चुनौती बन जाएगा।

इस अवसर पर महिला थाना की थानाध्यक्ष अमीशा रत्न ने पौधारोपण अभियान की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि पौधे हमारे जीवन का आधार हैं और इनके बिना स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। साथ ही महिला थाना परिसर को सदैव स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाए रखने का संकल्प भी दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पौधारोपण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरियाली को बढ़ावा देने का सामूहिक संदेश दिया। सभी ने यह संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखा जाएगा, ताकि आने वाले वर्षों में यह अभियान समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सके।

पौधारोपण कार्यक्रम में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति थाना की थाना प्रभारी ज्योति कुमारी, अवर निरीक्षक कृष्ण राम, पुलिसकर्मी शबनम कुमारी, उपासना कुमारी, सरगम कुमारी, मनीष कुमार, अविनाश कुमार, सोनी कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
वहीं साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई के संस्थापक विवेक कुमार, सदस्य विशाल सिंह, गौतम पासवान, मिथलेश पासवान, राजा कुमार सिंह, हर्ष कुमार सिन्हा, राकेश कुमार, अभिनय दुबे, गोलू कुमार सहित संस्था के अनेक सदस्यों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उल्लेखनीय है कि "साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई" पिछले कई वर्षों से प्रत्येक रविवार को साइकिल यात्रा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न अभियानों का संचालन कर रही है। संस्था की यह निरंतर पहल जिले में हरित वातावरण के निर्माण के साथ-साथ लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment