जमुई : प्रबोध जन सेवा संस्थान के स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 45 रक्तवीरों ने किया रक्तदान, हुए सम्मानित - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

सोमवार, 27 जुलाई 2026

जमुई : प्रबोध जन सेवा संस्थान के स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 45 रक्तवीरों ने किया रक्तदान, हुए सम्मानित

जमुई/बिहार। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर शहीदों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए प्रबोध जन सेवा संस्थान द्वारा शनिवार को सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक, जमुई में भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानवता, राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना को समर्पित इस शिविर में युवाओं, समाजसेवियों एवं जागरूक नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन बचाने का संकल्प दोहराया।

शिविर में अनुराग सिंह, मनीष सिंह, विक्की भगत, संतोष पांडे, जय किशन राव, राकेश कुमार, सिंटू कुमार, मिथुन कुमार, विक्की कुमार, सोनाली भारती, विकास कुमार, प्रीतांशु कुमार सहित कुल 45 रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

रक्तदान के माध्यम से शहीदों को दी गई सच्ची श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने रक्त की अंतिम बूंद तक न्योछावर कर दी थी। उन्हीं अमर शहीदों की स्मृति में आयोजित इस रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं ने अपने रक्त की एक-एक बूंद समर्पित कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की।

अतिथियों ने रक्तदान को सबसे बड़ा मानव धर्म बताते हुए कहा कि रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकती है। उन्होंने प्रबोध जन सेवा संस्थान द्वारा लगातार किए जा रहे सामाजिक एवं मानवीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, संवेदना और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त बनाते हैं।

वर्षों से मानव सेवा में जुटा है प्रबोध जन सेवा संस्थान
प्रबोध जन सेवा संस्थान पिछले कई वर्षों से मानव सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। संस्था के अंतर्गत संचालित मानव रक्षक रक्तदाता परिवार, मेडिको मित्र, निःशुल्क कानूनी सहायता केंद्र तथा निःशुल्क शिक्षा केंद्र के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक निरंतर सहायता पहुंचाई जा रही है।

संस्था समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने, गरीब एवं असहाय लोगों की सहायता सहित अनेक जनकल्याणकारी गतिविधियों का संचालन करती रही है।

रक्तवीरों को मिला 'राष्ट्रसेवा सम्मान'
रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वाले सभी 45 रक्तदाताओं को संस्था की ओर से 'राष्ट्रसेवा सम्मान' से सम्मानित किया गया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर उनके अमूल्य योगदान की सराहना की गई। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदाता समाज के वास्तविक नायक हैं, क्योंकि वे निस्वार्थ भाव से किसी अनजान व्यक्ति के जीवन की रक्षा करते हैं।

रक्तदान ही सच्ची मानवता और राष्ट्रसेवा : सुमन सौरभ
संस्थान के सचिव सुमन सौरभ ने कहा, "कारगिल के वीर जवानों ने देश की सुरक्षा के लिए अपना रक्त बहाकर हमें सुरक्षित जीवन दिया। आज रक्तदाता अपने रक्त की बूंद देकर किसी जरूरतमंद के जीवन की रक्षा कर रहे हैं। यही सच्ची मानवता और राष्ट्रसेवा है।"
वहीं, जिला सचिव विनोद कुमार ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जिले में रक्त की कमी के कारण किसी भी व्यक्ति की जान न जाए, इसके लिए रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना संस्था की प्राथमिकता है।

विशिष्ट अतिथियों ने की संस्था की सराहना
प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल आनंद ने कहा कि रक्तदान के क्षेत्र में जमुई जिले में प्रबोध जन सेवा संस्थान का योगदान अतुलनीय है।

सामाजिक कार्यकर्ता सुदर्शन सिंह ने कहा, "रक्त का कोई विकल्प नहीं होता। एक व्यक्ति का रक्तदान किसी परिवार की खुशियां वापस ला सकता है। ऐसे आयोजन समाज को नई प्रेरणा देते हैं।"
शिविर प्रभारी रौशन सिंह ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सेवा भावना प्रेरणादायी है तथा रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

सहयोगियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में संस्था के मुख्य सहयोगी विनोद कुमार, हरेराम सिंह, शिवजीत चौहान, ऋषभ भारती, सौरभ मिश्रा, आलोक कुमार, गुलशन कुमार एवं अनिकेत कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम के समापन पर प्रबोध जन सेवा संस्थान ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, अतिथियों, रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी मानव सेवा के ऐसे अभियान निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment