गिद्धौर बाजार में एनएच-333 पर फिर बढ़ा अतिक्रमण, रोजाना लग रहे जाम से राहगीर और दुकानदार परेशान - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

मंगलवार, 14 जुलाई 2026

गिद्धौर बाजार में एनएच-333 पर फिर बढ़ा अतिक्रमण, रोजाना लग रहे जाम से राहगीर और दुकानदार परेशान

गिद्धौर/जमुई। प्रखंड मुख्यालय स्थित गिद्धौर बाजार से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-333 (एनएच-333) पर अतिक्रमण की समस्या एक बार फिर गंभीर रूप ले चुकी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 24 जून को प्रस्तावित गिद्धौर दौरे के दौरान जिला प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर पूरे बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया था। उस समय सड़क के दोनों किनारों से अवैध कब्जे हटाए गए थे, जिससे बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु हो गई थी। लेकिन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के समाप्त होते ही अतिक्रमणकारियों ने दोबारा सड़क किनारे कब्जा जमाना शुरू कर दिया। परिणामस्वरूप बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है और वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।

गिद्धौर बाजार से गुजरने वाला एनएच-333 जमुई जिले का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों के साथ-साथ यात्रियों का आवागमन होता है। सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानें लगाए जाने और ऑटो चालकों द्वारा मनमाने तरीके से वाहन खड़ा करने के कारण सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। ऐसे में सुबह और शाम के व्यस्त समय में जाम की स्थिति आम बात बन गई है। इससे आम लोगों, स्कूली बच्चों, मरीजों तथा दूर-दराज से आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों के दौरान जिलाधिकारी नवीन और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने स्वयं गिद्धौर बाजार स्थित एनएच-333 तथा लार्ड मिंटो टावर चौक का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के क्रम में सड़क को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। उस दौरान गिद्धौर थानाध्यक्ष राशि मलिक एवं अंचलाधिकारी आरती भूषण को सड़क किनारे लगी अवैध दुकानों, ठेलों तथा अवैध ऑटो स्टैंड को तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया था।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे किसी भी प्रकार का अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा यातायात व्यवस्था को बाधित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की कार्रवाई के बाद कुछ दिनों तक बाजार क्षेत्र में व्यवस्था सामान्य रही, लेकिन अब फिर से सड़क किनारे अतिक्रमण बढ़ने लगा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन नियमित रूप से निगरानी और कार्रवाई नहीं करेगा तो अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जाएगी। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि एनएच-333 को स्थायी रूप से अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा अवैध ऑटो स्टैंड और सड़क किनारे लगने वाली दुकानों पर नियमित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि गिद्धौर बाजार में जाम की समस्या से लोगों को स्थायी राहत मिल सके।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment