सिकंदरा : बाबा धनेश्वर नाथ धाम में श्रावणी मेले का भव्य आगाज, डीएम-एसपी ने किया उद्घाटन - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

बुधवार, 29 जुलाई 2026

सिकंदरा : बाबा धनेश्वर नाथ धाम में श्रावणी मेले का भव्य आगाज, डीएम-एसपी ने किया उद्घाटन

सिकंदरा/जमुई। सिकंदरा प्रखंड के महादेव सिमरिया स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक बाबा धनेश्वर नाथ मंदिर में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का विधिवत शुभारंभ जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के बाद दोनों अधिकारियों ने बाबा धनेश्वर नाथ का विधिवत जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मेला परिसर का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
उद्घाटन समारोह के बाद जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर और पवित्र शिवगंगा सरोवर का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
श्रावणी मेला उद्घाटन समारोह के दौरान खेल, कला, साहित्य एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, साहित्यकारों और समाज के विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, भूमि उप समाहर्ता, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, प्रबुद्धजन, कवि, साहित्यकार एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

'बिहार का देवघर' कहलाता है बाबा धनेश्वर नाथ धाम
बाबा धनेश्वर नाथ मंदिर को धार्मिक मान्यताओं के कारण "बिहार का देवघर" भी कहा जाता है। सावन माह में यहां भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए बिहार सहित विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है। लोक मान्यता है कि गिद्धौर राजवंश के राजा पूरणमल की अटूट भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान विश्वकर्मा ने एक ही रात में इस मंदिर का निर्माण किया था। वहीं धनवे गांव के कुंभकार धनेश्वर पंडित को प्राप्त स्वयंभू शिवलिंग की पूजा आज भी पारंपरिक रूप से कुंभकार समाज द्वारा की जाती है, जो इस धाम की प्राचीन परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।
धार्मिक पर्यटन की पहचान बना महादेव सिमरिया
मंदिर के चारों ओर स्थित पवित्र शिवगंगा सरोवर, सामने दिखाई देने वाली गिद्देश्वर पर्वत श्रृंखला तथा इसकी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता इस धाम को बिहार के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों में विशेष पहचान दिलाती है। सावन के पूरे महीने यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम
जिला पदाधिकारी ने कहा कि बाबा धनेश्वर नाथ धाम केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि जमुई की सांस्कृतिक विरासत का गौरव भी है। उन्होंने बताया कि श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे मेला क्षेत्र में बैरिकेडिंग, पेयजल, मेडिकल कैंप, स्वच्छता व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से मेले की गरिमा बनाए रखने, स्वच्छता का पालन करने और आपसी सौहार्द के साथ भगवान भोलेनाथ की आराधना करने की अपील की।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment