जमुई/बिहार। आगामी 27 एवं 28 जून को मनाए जाने वाले मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शांति समिति के सदस्यों तथा ताजियादारों ने भाग लिया और पर्व के दौरान शांति एवं भाईचारे का वातावरण बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि मुहर्रम का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और आपसी सद्भाव के साथ मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी क्षेत्र में नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जानी चाहिए। सभी जुलूस और धार्मिक आयोजन पूर्व से निर्धारित परंपराओं एवं प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही आयोजित किए जाएं।
किसी की भावना आहत करने वाले कार्यों से बचने की अपील
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व के दौरान ऐसा कोई कार्य नहीं होना चाहिए जिससे किसी भी समुदाय या व्यक्ति की धार्मिक भावनाएं आहत हों। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखना है तथा इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि विवाद उत्पन्न करने वाले एवं माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले तत्वों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी।
डीएम ने बताया कि पिछले पांच से छह वर्षों के अभिलेखों एवं पंजी का अवलोकन किया जाएगा तथा पूर्व में चिह्नित विवादित व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी।
धारा 107 के तहत होगी निरोधात्मक कार्रवाई
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित उपद्रवियों के विरुद्ध धारा 107 के तहत अधिक से अधिक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही चिन्हित व्यक्तियों से बंध पत्र भी भरवाया जाएगा ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को पहले ही रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिला प्रशासन की टीम चौबीसों घंटे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखेगी और अफवाह फैलाने, भड़काऊ संदेश प्रसारित करने अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, प्रशासन ने जारी किया स्पष्ट निर्देश
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के अवसर पर डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी आयोजक और ताजियादार इस निर्देश का अक्षरशः पालन करें। उन्होंने छोटी-बड़ी किसी भी घटना की सूचना तत्काल प्रशासन को देने का आग्रह किया ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
मस्जिदों और ताजिया मार्गों की होगी विशेष साफ-सफाई
मुहर्रम को लेकर नगर परिषद एवं संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए डीएम ने कहा कि मस्जिदों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली सड़कों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि ताजिया मार्गों में पड़ने वाले जर्जर एवं लटकते बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। साथ ही जहां आवश्यक हो वहां तारों को बदला जाए ताकि जुलूस के दौरान कोई दुर्घटना न हो।
बैठक में ताजियादारों ने कुछ क्षेत्रों में नालियों की समस्या और खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने नगर परिषद को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जुलूस आयोजक पर्याप्त संख्या में रखें वॉलेंटियर : एसपी
बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि जिले के सभी थानों में स्थानीय स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी जुलूस आयोजक पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों (वॉलेंटियर) की नियुक्ति करें, जो पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग करें।
एसपी ने कहा कि नियुक्त वॉलेंटियरों की सूची संबंधित थानों को पूर्व में उपलब्ध कराई जाए ताकि प्रशासनिक स्तर पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
निर्धारित मार्ग से ही निकलेगा जुलूस
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी ताजिया जुलूस प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग से ही निकाले जाएं। किसी भी परिस्थिति में जुलूस मार्ग में परिवर्तन अथवा विचलन नहीं होना चाहिए। उन्होंने ताजिया की ऊंचाई भी निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने की सलाह दी।
उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि पिछले वर्षों में चिन्हित संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
हुल्लड़बाजों को भुगतना होगा असहनीय परिणाम
एसपी विश्वजीत दयाल ने कड़े शब्दों में कहा कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई अवांछित तत्व हुल्लड़बाजी, उपद्रव अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसे असहनीय परिणाम भुगतने होंगे। ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जुलूस निकालने के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है तथा आयोजकों को निर्धारित मार्ग एवं अन्य प्रशासनिक निर्देशों की जानकारी पहले से प्राप्त कर लेनी चाहिए।
सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से जिलेवासियों से अपील की कि मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, सद्भाव और मिल्लत के माहौल में संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से भी क्षेत्र में जागरूकता फैलाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने का अनुरोध किया।
बैठक में डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल, एसडीएम सौरव कुमार, एसडीपीओ सतीश सुमन, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. मेनका कुमारी, नगर परिषद जमुई की कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. प्रियंका गुप्ता, विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, व्यापारी संगठन के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जिला शांति समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







