कोल्हुआ/गिद्धौर (Kolhua/Gidhaur), 27 अप्रैल 2026, सोमवार : प्रखंड के कोल्हुआ गांव में आयोजित श्री श्री 108 शिव शक्ति महायज्ञ सह शिव सपरिवार प्राण प्रतिष्ठा समारोह का समापन रविवार को अत्यंत भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अंतिम दिन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक सहभागिता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
समारोह के समापन अवसर पर जाने-माने युवा सामाजिक कार्यकर्ता सुशांत साईं सुंदरम ने मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रयागराज से पधारे धर्मदेव व्यास के नेतृत्व में आयोजित भव्य रामलीला के समापन कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। इसके पश्चात वे आरती में भी शामिल हुए और उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया।
अपने संबोधन में उन्होंने सनातन संस्कृति के संरक्षण और प्रसार पर विशेष बल देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और युवाओं में सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने क्षेत्र में समय-समय पर इस प्रकार के आयोजन करते रहने की अपील की। इस अवसर पर आयोजन समिति द्वारा उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।
यह नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन 18 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुआ था, जिसमें सैकड़ों महिलाओं और युवाओं ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया था। कार्यक्रम के दौरान वृंदावन से आईं कथा वाचक गौरी प्रिया ने अपने मुखारविंद से श्रीराम कथा का रसपान कराया, जिसे सुनने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ते रहे।
वहीं प्रयागराज से आई रामलीला मंडली ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों का सजीव मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रविवार को रामराज्याभिषेक की लीला के साथ इस भव्य आयोजन का समापन हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
पूरे आयोजन के दौरान वाराणसी से आए विद्वान पुरोहित अजय पांडेय ने अपने सहयोगियों के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी अनुष्ठानों को विधिपूर्वक संपन्न कराया।
इस दिव्य और सफल आयोजन में समिति के अध्यक्ष ललन सिंह, कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार साव, सचिव नरेश सिंह सहित अन्य सदस्यों एवं समस्त ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही। सभी के सहयोग से यह धार्मिक अनुष्ठान भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न हुआ, जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।






