होली से पहले गिद्धौर में पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

Responsive Advertisement

सोमवार, 2 मार्च 2026

होली से पहले गिद्धौर में पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश

त्योहार भाईचारे से मनाएं, उपद्रव करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : जयप्रकाश सिंह

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 2 मार्च 2026, सोमवार : रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गिद्धौर थाना पुलिस ने सोमवार की संध्या थाना क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने बाजारों और ग्रामीण इलाकों में भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने का स्पष्ट संदेश दिया।

फ्लैग मार्च का नेतृत्व थाना प्रभारी जयप्रकाश सिंह ने किया। उनके साथ अवर निरीक्षक पंकज कुमार, मनीष कुमार, रामधारी महतो, गीतांजलि, ममता प्रकाश, रंजीत राय सहित दर्जनों पुलिस जवान मौजूद रहे। पुलिस टीम ने गिद्धौर बाजार, पतसंडा, रतनपुर, कोल्हुआ, मौरा, गंगरा, सेवा, पूर्वी गुगुलडीह, धनियाठीका, कुंधुर और धोबघट समेत कई गांवों में पैदल एवं वाहन से मार्च किया।
सुरक्षा का भरोसा, शांति की अपील
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों एवं व्यवसायियों से संवाद स्थापित कर होली पर्व को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। थाना प्रभारी जयप्रकाश सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्योहार की आड़ में यदि किसी ने शांति भंग करने या असामाजिक गतिविधियों में लिप्त होने का प्रयास किया, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आमजन से यह भी आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन पूरी तरह सतर्क
थाना प्रभारी ने बताया कि होली को लेकर प्रशासन पूरी तरह चौकस है और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। इसके अलावा पुलिस टीम सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए हुए है, ताकि किसी प्रकार की अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिशों पर अंकुश लगाया जा सके।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की सक्रियता देख आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई। ग्रामीणों ने भी प्रशासन के इस कदम की सराहना करते हुए शांतिपूर्ण होली मनाने का भरोसा दिलाया। इस प्रकार, होली पर्व से पूर्व गिद्धौर में पुलिस प्रशासन ने अपनी तत्परता और सजगता का परिचय देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Responsive Advertisement