गिद्धौर/जमुई। गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत पंच मंदिर के समीप सनातन संस्कृति सेवा समिति के तत्वावधान में 2 फरवरी से 10 फरवरी तक आयोजित नौ दिवसीय विराट महायज्ञ के क्रम में सोमवार की देर शाम रामकथा एवं रामलीला का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में स्थानीय जदयू नेता शैलेंद्र रावत एवं भाजपा बिहार के प्रदेश प्रवक्ता मनीष कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर क्षेत्र का वातावरण भक्ति, श्रद्धा और सनातन संस्कृति के जयघोष से गूंज उठा।
उद्घाटन के पश्चात श्रीधाम वृंदावन से पधारे सुप्रसिद्ध कथा प्रवक्ता पंडित कृष्णकांत जी महाराज ने अपने मुखारविंद से श्रीरामकथा का भावपूर्ण रसपान कराया। कथा के दौरान उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा रचित रामचरितमानस की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार भगवान श्रीराम का चरित्र मानव जीवन के लिए मर्यादा, आदर्श और सत्य के पथ पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि रामकथा केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की संपूर्ण कला है, जो समाज में प्रेम, करुणा और सद्भाव का संदेश देती है। कथा के दौरान श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर रामनाम का स्मरण करते नजर आए।
वहीं प्रयागराज से आई रामलीला मंडली ने धर्मदेव व्यास के नेतृत्व में रामलीला का सजीव मंचन प्रस्तुत किया। पहले दिन की लीला में भगवान श्रीराम के जन्म से पूर्व की घटनाओं को दर्शाया गया, जिसमें आसुरी शक्तियों द्वारा ऋषि-मुनियों के यज्ञ और तप में डाले जा रहे विघ्न, धरती पर बढ़ते अत्याचार और धर्म की रक्षा के लिए भगवान विष्णु के अवतार लेने की पृष्ठभूमि को प्रभावशाली ढंग से मंच पर उतारा गया। कलाकारों की सजीव अभिनय शैली, संवाद अदायगी और पारंपरिक वेशभूषा ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जदयू नेता शैलेंद्र रावत ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। सनातन संस्कृति हमारी पहचान है और रामकथा-रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने संस्कारों से जोड़ने का यह सराहनीय प्रयास है। वहीं भाजपा के बिहार प्रवक्ता मनीष कुमार पांडेय ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन चरित्र आज के समय में भी उतना ही प्रासंगिक है। रामकथा और रामलीला जैसे आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों, एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे की भी व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। पूरे परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई और हर आयु वर्ग के लोग आयोजन का आनंद लेते नजर आए।
कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर सनातन संस्कृति सेवा समिति के अध्यक्ष सोनू कुमार, सचिव सुमन कुमार, कोषाध्यक्ष बिट्टू कुमार, सह-कोषाध्यक्ष रॉकी कुमार, उपाध्यक्ष राजेश कुमार उर्फ पाजो जी, अमित कुमार गोलू, संतोष कुमार, धीरज रावत, रणवीर राव, प्रिंस झा, बजरंगी रावत, रॉनित कुमार, राजन कुमार, विकास कुमार सहित अन्य सदस्य पूरे समर्पण भाव से जुटे हुए हैं।
समिति के उपाध्यक्ष राजेश कुमार उर्फ पाजो जी ने जानकारी दी कि पंडित कृष्णकांत जी महाराज प्रतिदिन सायं 5 बजे से श्रीरामकथा सुनाएंगे, जबकि प्रतिदिन सायं 8 बजे से प्रयागराज की रामलीला मंडली द्वारा भव्य रामलीला का मंचन किया जाएगा। साथ ही सायं 7 बजे से प्रतिदिन भंडारे का आयोजन होगा। कार्यक्रम में राजनीतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। इस विराट आयोजन से गिद्धौर का संपूर्ण माहौल सनातन संस्कृति और भक्ति के आलोक से सराबोर हो गया है।







