जमुई जिले में बड़े पैमाने पर पुलिस पदाधिकारियों का तबादला, कई थानाध्यक्ष बदले - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

बुधवार, 7 जनवरी 2026

जमुई जिले में बड़े पैमाने पर पुलिस पदाधिकारियों का तबादला, कई थानाध्यक्ष बदले

जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 7 जनवरी 2026, बुधवार : जमुई जिले में प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण और विधि-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादला किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जमुई द्वारा जारी जिलादेश संख्या 2.9../2026 के तहत जिले के कई थानाध्यक्षों एवं पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण व नवीन पदस्थापन किया गया है। जानकारी के अनुसार, जमुई जिलान्तर्गत थानाध्यक्षों के स्थानांतरण एवं पदस्थापन को लेकर इस कार्यालय के पत्रांक-68/गो०, दिनांक 06 जनवरी 2026 के माध्यम से पुलिस उप-महानिरीक्षक, मुंगेर क्षेत्र, मुंगेर से अनुमति मांगी गई थी। इसके पश्चात पुलिस उप-महानिरीक्षक, मुंगेर क्षेत्र के कार्यालय ज्ञापांक-24/गो०, दिनांक 07 जनवरी 2026 द्वारा पदस्थापन की अनुमति प्रदान की गई।

प्राप्त स्वीकृति के आलोक में पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को उनके नाम के समक्ष अंकित स्थान पर पदस्थापित करने का आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश में स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया है कि सभी स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारी 24 घंटे के भीतर अपने नव पदस्थापन स्थल पर योगदान सुनिश्चित करेंगे तथा योगदान के पश्चात अनुपालन प्रतिवेदन समर्पित करेंगे। साथ ही यह भी कहा गया है कि नव पदस्थापित थानाध्यक्ष अपनी अर्हता से संबंधित आवश्यक प्रमाण पत्र योगदान से पूर्व पुलिस अधीक्षक कार्यालय को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। आदेश में बिहार सरकार, गृह विभाग (विशेष शाखा) के संकल्प पत्रांक बी/विधि-व्यवस्था 02/2019 दिनांक 24 जून 2019 एवं संशोधित संकल्प दिनांक 12 जनवरी 2021 का हवाला देते हुए थानाध्यक्ष एवं अंचल पुलिस निरीक्षक पद पर पदस्थापन के लिए निर्धारित विशेष अर्हताओं का भी उल्लेख किया गया है।

इसके तहत ऐसे किसी भी पुलिस पदाधिकारी को थानाध्यक्ष या अंचल पुलिस निरीक्षक के पद पर पदस्थापित नहीं किया जाएगा, जिसे किसी न्यायालय द्वारा दोषसिद्ध किया गया हो, किसी कांड में अभियुक्त ठहराया गया हो या नैतिक अधमता (मोरल टर्पिट्यूड) से जुड़े मामलों जैसे महिलाओं से दुर्व्यवहार, भ्रष्टाचार अथवा अभिरक्षा में हिंसा के आरोप में विभागीय जांच में दोषी पाया गया हो। इसके अतिरिक्त, जिन पुलिस पदाधिकारियों को विभागीय जांच या पुलिस हस्तक नियम-828 (सी) के अंतर्गत तीन या उससे अधिक वृहद सजा मिली हो, उन्हें भी थानाध्यक्ष अथवा अंचल पुलिस निरीक्षक के पद पर पदस्थापित नहीं किया जाएगा। यदि किसी पदाधिकारी के विरुद्ध विभागीय जांच लंबित है, तो उसे भी इस पद के लिए अयोग्य माना जाएगा।

साथ ही, जिन थानाध्यक्षों या ओपी प्रभारियों के क्षेत्र में शराब निर्माण, बिक्री, परिवहन या उपभोग में संलिप्तता अथवा मद्यनिषेध के पालन में लापरवाही सामने आती है, उन्हें आगामी दस वर्षों तक थानाध्यक्ष या ओपी प्रभारी के पद पर पदस्थापित नहीं किया जाएगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि उपरोक्त अर्हताओं में से किसी भी बिंदु पर किसी पदाधिकारी की पात्रता पूर्ण नहीं पाई जाती है, तो उसका पदस्थापन आदेश स्वतः निरस्त मान लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल (SP Vishwajeet Dayal) द्वारा जारी इस आदेश की प्रतिलिपि पुलिस उप-महानिरीक्षक, मुंगेर क्षेत्र, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जमुई एवं झाझा, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), सभी अंचल पुलिस निरीक्षक, संबंधित थानाध्यक्ष एवं अन्य संबंधित शाखाओं को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस व्यापक तबादले से जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा तथा पुलिसिंग व्यवस्था में नई ऊर्जा और पारदर्शिता आएगी।

जारी तबादला सूची के अनुसार चकाई थाना के थानाध्यक्ष रहे पु.नि. राकेश कुमार को पर्यवेक्षी पदाधिकारी, जमुई के पद पर भेजा गया है। वहीं पर्यवेक्षी पदाधिकारी, खैरा के रूप में कार्यरत पु.नि. सर्वजीत कुमार को चकाई थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। मलयपुर थाना के थानाध्यक्ष पु.नि. विकास कुमार को स्थानांतरित कर सिकंदरा थाना का प्रभार सौंपा गया है, जबकि जमुई थाना में पदस्थापित पु.अ.नि. शेखर सौरभ को मलयपुर थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है।

इसी क्रम में सिकंदरा थाना के थानाध्यक्ष पु.अ.नि. पंकज कुमार को सोनो थाना भेजा गया है। खैरा थाना में कार्यरत पु.अ.नि. रूपेश कुमार को लछुआड़ थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है। लछुआड़ थाना के थानाध्यक्ष पु.अ.नि. उपेन्द्र कुमार पाठक को स्थानांतरित कर खैरा थाना भेजा गया है। झाझा थाना में पदस्थापित पु.अ.नि. विपिन चन्द्र पाल्टा चौधरी को गरही थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि गरही थाना के थानाध्यक्ष पु.अ.नि. अनिरुद्ध कुमार को झाझा थाना भेजा गया है। सिमुलतला थाना के थानाध्यक्ष पु.अ.नि. धनंजय कुमार को जमुई थाना स्थानांतरित किया गया है।

वहीं सोनो थाना में कार्यरत पु.अ.नि. रूबी कुमारी-2 को सिमुलतला थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस बड़े स्तर के तबादले से जिले में विधि-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। नए पदाधिकारियों के आने से थानों की कार्यप्रणाली में गति आएगी और अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन तथा आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने में मदद मिलेगी। जिले में इस तबादले को प्रशासनिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment