जमुई/बिहार। शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि स्थानीय कांग्रेस भवन, जमुई में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के त्याग, सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हरेंद्र कुमार सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान महासचिव श्रीनिवास सिंह, जिला कांग्रेस के नेता ब्रह्मदेव पासवान, प्रकाश सिंह, नौशाद, बबलू कुमार, राम मांझी, जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता कुमार पुष्पराज, डॉक्टर राजीव कुमार सिंह, जयदेव सिंह तथा जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष देवी कुमारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तेल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान वातावरण पूरी तरह श्रद्धामय रहा और बापू के विचारों को आत्मसात करने की बात कही गई।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष हरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि आज हम सभी बापू को नमन करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प ले रहे हैं। सत्य, अहिंसा, भाईचारा और सेवा के सिद्धांतों को अपनाकर ही समाज और देश का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता बापू के विचारों को अपने जीवन में उतारेगा, तभी गांव, मोहल्ला, जिला, राज्य और देश का समुचित विकास होगा और महात्मा गांधी का सपना साकार हो सकेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने गांधी जी के विचारों को आगे बढ़ाने और समाज में शांति, सद्भाव और समानता के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया।







