गिद्धौर/जमुई। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों के बाद जमुई में एक बार फिर इतिहास दोहराया गया। जमुई विधानसभा सीट से विजयी रही विधायक श्रेयसी सिंह ने अपनी दूसरी बड़ी जीत को एक भावनात्मक क्षण में बदलते हुए इसे अपने पिता, पूर्व केंद्रीय मंत्री व लोकप्रिय नेता स्व. दिग्विजय सिंह को समर्पित कर दिया।
शुक्रवार देर शाम, परिणाम आने के बाद जमुई से लौटते समय श्रेयसी सिंह गिद्धौर प्रखंड के नयागांव स्थित कटहरा नदी किनारे अपने पिता के समाधि स्थल पहुंचीं। यहां उन्होंने नमन करते हुए स्वर्गीय दिग्विजय सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उनका भावुक स्वरूप साफ दिखाई दिया, मानो पिता के आशीर्वाद को पुनः महसूस कर रही हों।
गौरतलब है कि 14 नवंबर स्व. दिग्विजय सिंह की जयंती है। ऐसे विशेष अवसर से ठीक पहले मिली जीत को श्रेयसी ने अपने पिता के प्रति श्रद्धा और सम्मान के रूप में जोड़ते हुए इसे बेहद पवित्र क्षण बताया।
श्रेयसी सिंह ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा—
मेरे जीवन में सबसे अहम व्यक्तित्व, जिनकी आज जयंती है — पूज्य पिताजी स्व. दादा दिग्विजय सिंह जी! आपके चरणों में यह जीत समर्पित! अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि!
श्रेयसी सिंह की इस भावनात्मक अभिव्यक्ति ने समर्थकों और स्थानीय लोगों को भी भावुक कर दिया है। राजनीतिक गलियारों में इस जीत को श्रेयसी की लोकप्रियता, कार्यशैली और उनके पिता की मजबूत राजनीतिक विरासत का संगम माना जा रहा है।





