जमुई में महिला संवाद कार्यक्रम को मिली जोरदार भागीदारी, 22 हज़ार से अधिक सुझाव दर्ज - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - Contact for Advt

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

रविवार, 1 जून 2025

जमुई में महिला संवाद कार्यक्रम को मिली जोरदार भागीदारी, 22 हज़ार से अधिक सुझाव दर्ज

  • राज्यभर में चल रहे ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम को मिल रही भारी सराहना
  • जमुई से अब तक मिले 22,372 सुझाव
  • 45 दिन में 979 ग्राम संगठनों तक पहुंचा संवाद
  • 15 जून तक चलेगा अभियान

जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 1 जून 2025, रविवार : महिलाओं की भागीदारी और राज्य की विकास योजनाओं में उनकी भूमिका को मजबूत करने के उद्देश्य से बिहार सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘महिला संवाद कार्यक्रम’ को जमुई जिले में जबरदस्त सफलता मिल रही है। जिले के कुल 1,245 ग्राम संगठनों में से अब तक 979 गांवों में यह संवाद संपन्न हो चुका है।

कार्यक्रम के 45वें दिन तक महिलाओं से कुल 22,372 सुझाव प्राप्त किए जा चुके हैं, जिन्हें संवाद पोर्टल पर अपलोड कर संबंधित विभागों को भेजा जा रहा है ताकि इन समस्याओं और सुझावों का त्वरित समाधान किया जा सके।

रविवार, 1 जून को चकाई, जमुई सदर, लक्ष्मीपुर, खैरा, सिकंदरा, सोनो, ई.अलीगंज और झाझा प्रखंड के 22 गांवों में यह कार्यक्रम दो पालियों (सुबह और शाम) में आयोजित हुआ। प्रत्येक स्थान पर 200 से 300 महिलाओं की भागीदारी रही।

कार्यक्रम की शुरुआत महिला संवाद के उद्देश्यों पर चर्चा से हुई, इसके बाद संवाद रथ के माध्यम से एक 45 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई, जिसमें महिला सशक्तिकरण से जुड़ी राज्य सरकार की योजनाओं — जैसे महिला आरक्षण, जीविका, नशामुक्ति, बाल विवाह व दहेज उन्मूलन अभियान, मुख्यमंत्री मेधावृत्ति योजना तथा बालिका पोशाक योजना — के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

महिलाओं के बीच मुख्यमंत्री का संदेश पत्र और योजनाओं से संबंधित लीफलेट भी वितरित किए गए। अब तक जिले में 1.5 लाख से अधिक महिलाओं को यह सामग्री उपलब्ध कराई जा चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान योजनाओं की लाभुक महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे अन्य महिलाओं को प्रेरणा मिली। इसके साथ ही सभी उपस्थित महिलाओं ने बाल विवाह रोकने, दहेज मुक्त विवाह अपनाने और बच्चों की शिक्षा को लेकर सामूहिक रूप से संकल्प लिया।

इस अभियान में पंचायत आयोजन दल और जीविका कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिन्होंने योजनाओं की जानकारी देने और महिलाओं को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम 15 जून 2025 तक जिले भर में चलाया जाएगा।
महिला संवाद का लक्ष्य है — महिलाओं की भागीदारी को राज्य की नीतियों में प्रभावी रूप से शामिल करना, ताकि उनकी आवाज़ नीति निर्माण में सुनी और सम्मानित की जा सके।

Post Top Ad -