कोल्हुआ गोलीकांड में घायल मुंशी के परिजनों ने विधायक से मिलकर लगाई न्याय दिलाने की गुहार - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

गुरुवार, 12 सितंबर 2024

कोल्हुआ गोलीकांड में घायल मुंशी के परिजनों ने विधायक से मिलकर लगाई न्याय दिलाने की गुहार

– झाझा विधायक ने कहा : पुलिस कर रही अपना काम, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा 
– एक आरोपित को छोड़ खैरा पुलिस की पकड़ से बाहर पांच नामजद आरोपित
– प्रशासन के सुस्त चाल से पुलिसिया कार्यशैली पर सवाल
 

गिद्धौर/जमुई (Gidhaur/Jamui), 12 सितंबर 2024, गुरुवार : गिद्धौर प्रखंड एवं खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्हुआ स्थित घनश्याम स्थान के निकट अवैध रूप से चलाए जा रहे बालू डंप यार्ड के समीप हुए गोलीबारी की घटना को दो सप्ताह बीत चुके है। खैरा थाना पुलिस अब तक एक नामजद आरोपित पिंटू राम को ही पकड़ पाई है। बाकी पांच नामजद मुख्य आरोपित अबतक पुलिस पकड़ से बाहर हैं। प्रशासन का यह सुस्त चाल पुलिसिया कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह खड़ा कर रहा है।

पीड़ित परिजनों की मानें तो फरार चल रहे आरोपित पुलिस को खुली चुनौती देते हुए गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हुए डंप यार्ड के मुंशी कुंदन के परिजनों पर केस उठाने का दवाब बना रहे हैं। जिससे कुंदन का पूरा परिवार डर के साए में जीने को विवश हैं। मंगलवार को कुंदन की मां सुशीला देवी, पत्नी अंजलि देवी, भाई प्रदीप राम सहित कोल्हुआ गांव के कई अन्य लोगों ने झाझा विधायक व पूर्व मंत्री दामोदर रावत से उनके आवास पर मुलाकात कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
विधायक दामोदर रावत से गोलीकांड के पीड़ित की मां सुशीला देवी ने आंचल फैलाकर गुहार लगाते हुए कहा -
हुजूर खैरा थाना पुलिस कुछ नहीं कर रही है। बालू डंप यार्ड के संचालक संजय सिंह से सांठ गांठ कर गोलीबारी में फरार सभी नामजद आरोपित देर रात कोल्हुआ स्थित अपने घर आते जाते रहते हैं। रात में सभी लोग नदी किनारे रखे गए बालू डंप यार्ड और मेरे घर के इर्द गिर्द बाइक से चक्कर लगाते हैं। रात में घर के पास बाईक रोककर केस उठाने की धमकी दे कर चले जाते हैं। जिससे हम सभी लोग भयभीत हैं। कभी भी हम सबों के साथ उन लोगों के द्वारा अप्रिय घटना को अंजाम दिया जा सकता है।

वहीं विधायक दामोदर रावत ने गोलीबारी में घायल कुंदन राम के परिजनों को ढाढस बंधाया व आश्वस्त करते हुए कहा -
जमुई पुलिस अपना काम कर रही है। सुशासन के इस सरकार में एल आपराधिक प्रवृति के कोई भी व्यक्ति या अपराध की घटना को अंजाम देने वाले अपराधी को बख्शा नहीं जा रहा है। हर हाल में उक्त मामले में फरार चल रहे सभी आरोपितों को भी खैरा पुलिस गिरफ्तार कर लेगी। मेरे द्वारा भी इस मामले पर जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों से जानकारी ले मामले पर त्वरित कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं। प्रयास है कि उक्त मामले में पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिले।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment