- समाज कल्याण, भवन निर्माण और पीएचईडी जैसे अहम विभाग संभाल चुके हैं दामोदर रावत
- पांच बार विधायक बने हैं दामोदर रावत
पटना/झाझा/गिद्धौर/जमुई (Patna/Jhajha/Gidhaur/Jamui), 13 अक्टूबर 2025, सोमवार : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मियों के बीच जनता दल (यूनाइटेड) ने अपने उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह (सिंबल) देना शुरू कर दिया है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित बैठक में सात प्रमुख प्रत्याशियों को पार्टी का सिंबल सौंपा। इनमें झाझा विधानसभा सीट से वर्तमान विधायक और अनुभवी नेता दामोदर रावत (Jhajha MLA Damodar Rawat) भी शामिल हैं।
झाझा से विधायक दामोदर रावत का राजनीतिक सफर बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने वर्ष 2000 में समता पार्टी से अपनी पहली जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2005 के फरवरी और अक्टूबर में हुए दोनों विधानसभा चुनावों में जदयू प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज कर झाझा में अपनी पकड़ मजबूत की। वर्ष 2010 में लगातार चौथी बार जनता का विश्वास हासिल किया। हालांकि 2015 में महागठबंधन के प्रत्याशी के रूप में पराजय का सामना करना पड़ा, लेकिन 2020 में शानदार वापसी करते हुए फिर से झाझा विधानसभा सीट पर जीत हासिल की।
वर्तमान में वे झाझा के विधायक हैं और राजनीतिक अनुभव के साथ-साथ प्रशासनिक दक्षता के लिए भी जाने जाते हैं। वे बिहार सरकार में समाज कल्याण मंत्रालय, भवन निर्माण मंत्रालय एवं पीएचईडी (लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग) जैसे अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान झाझा एवं आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों की एक लंबी श्रृंखला देखने को मिली, चाहे वह सड़कों का विस्तार हो, पेयजल योजना हो या गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुँचाना।
नीतीश कुमार ने जताया भरोसा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने सोमवार को दामोदर रावत को पुनः सिंबल सौंपते हुए कहा कि पार्टी को उनके अनुभव और क्षेत्रीय पकड़ पर पूरा भरोसा है। जदयू नेतृत्व ने सभी उम्मीदवारों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जनसंपर्क अभियान तेज करने और संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एनडीए के अन्य घातक दलों के साथ सामंजस्य बनाते हुए क्षेत्र में चुनावी प्रचार को गति देने की बात कही है।
जिन प्रमुख उम्मीदवारों को मिला जदयू का सिंबल :
1. भोरे (सुरक्षित) : सुनील कुमार
2. सोनवर्षा (सुरक्षित) : रत्नेश सदा
3. राजपुर (सुरक्षित) : संतोष कुमार निराला
4. जमालपुर : शैलेश कुमार
5. वैशाली : सिद्धार्थ पटेल
6. मोकामा : अनंत सिंह
7. झाझा : दामोदर रावत
झाझा में दामोदर रावत की लोकप्रियता और संगठनात्मक मजबूती को देखते हुए राजनीतिक विश्लेषक मान रहे हैं कि जदयू इस सीट से एक बार फिर मजबूत प्रदर्शन करेगा। नीतीश कुमार का भरोसा और जनता का समर्थन, दोनों मिलकर झाझा में फिर इतिहास दोहराने को तैयार हैं। वहीं दामोदर रावत के गृह क्षेत्र गिद्धौर में एनडीए कार्यकर्ताओं में जोश है। सभी ने उनके फिर से जीत का दावा किया है।