Breaking News

6/recent/ticker-posts

मुंबई में सी.एस.टी स्टेशन के पास फुट ओवर ब्रिज गिरने से भीषण हादसा


(न्यूज़ डेस्क|  शुभम मिश्र )
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में गुरुवार शाम छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल स्टेशन के पास एक बड़ा हादसा हुआ।जिसमें कि  सीएसटी स्टेशन पर एक फुट ओवर ब्रिज गिरने के कारण समाचार लिखने तक 5 लोगों की मौत हुई है। वहीं इस घटना में 34 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन घायलों में 4-5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया है। बचाव व राहत कार्य हेतु एन.डी.आर.एफ की टीम घटना स्थल पर पहुंच कर बचाव व राहत कार्य में जुटी हुई है।


वहीं सीएसटी फुटओवर ब्रिज हादसे के बारे में रेलवे ने कहा है कि यह ब्रिज बीएमसी का है। इस हादसे के बाद रेलवे के द्वारा हर संभव मदद की कोशिश की जा रही है।
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए बीएमसी और स्थानीय प्रशासन को हर संभव सहायता के लिए निर्देश दिया है।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल रेलवे स्टेशन के पास फुटओवर ब्रिज पर लोग जा रहे थे तभी यह हादसा हुआ। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल हादसा किन वजहों से हुआ इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पायी है।


गौरतलब है कि इससे पहले जुलाई 2018 में मुंबई के अंधेरी पश्चिम में सड़क ओवर ब्रिज का एक हिस्सा गिर गया था। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए थे। हादसा सुबह में होने के कारण  ज्यादातर लोग आहत नहीं हुए थे ।
सितंबर 2017 में मुंबई के एलफिंस्टन ब्रिज पर भगदड़ मच जाने के कारण करीब 23 लोगों की मौत हो गई थी। हालांकि इस ब्रिज को बाद में रेलवे और सेना ने साथ मिलकर युद्ध स्तर पर बनाया। हालांकि इस दौरान भी ओवर ब्रिज सवालों के घेरे में रहा था। इस बार भी ओवर ब्रिज की हालत पर सवाल उठाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि अगर ब्रिज इतना ही कमजोर था कि गिरने की नौबत आ सकती थी, तो इसे लोगों के लिए क्यों चालू रखा था।