गिद्धौर/जमुई। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं बांका सांसद रहे ‘दादा’ दिग्विजय सिंह की 15वीं पुण्यतिथि आगामी 24 जून को गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत नयागांव स्थित उनके समाधि स्थल पर श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। इस अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश और बिहार की कई बड़ी हस्तियां शिरकत करेंगी।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बांका की पूर्व सांसद पुतुल कुमारी ने बताया कि इस पुण्यतिथि कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल भी कार्यक्रम में विशेष रूप से भाग लेंगे।
पुतुल कुमारी ने बताया —
दादा दिग्विजय सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करने के लिए हर वर्ष यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। उनकी जनसेवा, राजनीतिक दृष्टिकोण और बिहार के विकास में उनके अमूल्य योगदान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी जाती है। इस वर्ष की पुण्यतिथि कार्यक्रम को विशेष रूप से भव्य और सारगर्भित बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह बिहार की राजनीति में एक कद्दावर नेता के रूप में जाने जाते थे। वे केंद्र सरकार में मंत्री रहते हुए कई अहम विभागों का सफलतापूर्वक संचालन कर चुके थे। जनता के बीच उन्हें ‘दादा’ के नाम से विशेष पहचान मिली थी। पूर्व सांसद पुतुल कुमारी ने सभी गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम जनता से इस पुण्यतिथि कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दादा को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।