Breaking

  • नहाय-खाय के साथ आज से शुरू होगा चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व
  • गंगा स्नान के लिए विभिन्न स्थानों की ओर जा रहे श्रद्धालु
  • नाते-रिश्तेदारों के यहां लोगों का आना-जाना शुरू

गिद्धौर/जमुई। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गिद्धौर प्रखंड में धार्मिक उत्साह और चहल-पहल का माहौल बनने लगा है। छठ पूजा की तैयारियों के बीच शुक्रवार को गिद्धौर रेलवे स्टेशन पर गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान कर पवित्र जल लाने और छठ महापर्व की धार्मिक परंपराओं को निभाने के उद्देश्य से विभिन्न गंगा घाटों की ओर रवाना हो रहे हैं।

गंगा स्नान के लिए स्टेशन पर उमड़ी भीड़
छठ महापर्व की शुरुआत से पूर्व गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी परंपरा के तहत गिद्धौर और आसपास के ग्रामीण इलाकों से महिला-पुरुष श्रद्धालु रेलवे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन के माध्यम से गंगा तटों की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने से सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक चहल-पहल देखी जा रही है। श्रद्धालु अपने साथ पूजा-पाठ से संबंधित आवश्यक सामग्री लेकर यात्रा कर रहे हैं।
नौकरीपेशा लोगों के घर लौटने और नाते-रिश्तेदारों के घर आने-जाने का सिलसिला जारी
छठ महापर्व को लेकर परदेश में रहकर कामकाज करने वाले लोगों के अपने गांव-घर लौटने का सिलसिला लगातार जारी है। लोक आस्था के इस महापर्व में शामिल होने के लिए दिल्ली, कोलकाता, मुंबई सहित विभिन्न शहरों में रहने वाले कामगार और नौकरीपेशा लोग अपने घर पहुंच रहे हैं। वहीं, छठ पर्व की खुशियां साझा करने और पारिवारिक परंपराओं को निभाने के लिए नाते-रिश्तेदारों के यहां भी लोगों का आना-जाना शुरू हो गया है। गांवों में बाहर से लौट रहे लोगों की चहल-पहल बढ़ने से पर्व का उत्साह और रौनक देखते ही बन रही है।

चार दिनों तक चलने वाले अनुष्ठान का आज से आगाज
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार, 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। इस दिन व्रती स्नान कर शुद्धता और सात्विकता के साथ अरवा चावल, चने की दाल एवं कद्दू की सब्जी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। शनिवार को खरना का अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही उनका लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा।
रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न नदी घाटों, तालाबों और जलाशयों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय वातावरण के बीच व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।

सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापन
सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती पारण कर अपना निर्जला उपवास समाप्त करेंगे।

छठ महापर्व को लेकर गिद्धौर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजारों में पूजा सामग्री, फल, सूप, दउरा और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी को लेकर रौनक बढ़ने लगी है। लोक आस्था, पवित्रता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक यह महापर्व एक बार फिर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर करने जा रहा है।