गिद्धौर/जमुई। बिहार भाजपा के प्रदेश प्रेस पैनल सदस्य एवं गिद्धौर निवासी मनीष कुमार पांडेय पिछले कुछ दिनों से फेफड़ों में संक्रमण (लंग्स इंफेक्शन) से जूझ रहे थे, जिसके कारण उन्हें सांस लेने में गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
मनीष कुमार पांडेय ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा करते हुए बताया कि बढ़ती श्वास संबंधी समस्या के कारण उन्हें अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों द्वारा लगातार उपचार और निगरानी के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि बीती रात उन्हें सीसीयू से प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है और वर्तमान में उनकी तबीयत पहले की तुलना में काफी बेहतर है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि शुक्रवार को डॉक्टरों की अंतिम जांच और सलाह के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है तथा वे घर लौट सकेंगे। मनीष पांडेय ने कहा कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान बड़ी संख्या में शुभचिंतकों, पार्टी कार्यकर्ताओं, मित्रों और परिचितों के फोन एवं संदेश प्राप्त हुए, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वे अधिकांश लोगों से संपर्क नहीं कर सके। इसके लिए उन्होंने सभी से क्षमा प्रार्थना की है।
उनकी तबीयत खराब होने की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र के राजनीतिक, सामाजिक एवं आम लोगों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। सोशल मीडिया पर भी उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने लगातार उनके स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की। स्वास्थ्य में सुधार की खबर सामने आने के बाद समर्थकों एवं परिचितों ने राहत व्यक्त करते हुए उनके जल्द पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर सार्वजनिक जीवन में सक्रिय होने की उम्मीद जताई है।







