जमुई/बिहार। इंटक के जमुई जिलाध्यक्ष विकास रंजन ने श्रीनंदन मंडल के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने कहा कि मंडल जी के निधन का समाचार उनके लिए व्यक्तिगत रूप से अत्यंत पीड़ादायक है। उनका निधन इंटक बिहार के साथ-साथ संपूर्ण मजदूर आंदोलन के लिए भी अपूरणीय क्षति है।
संगठन के प्रति समर्पण और कर्मठता थी विशेष पहचान
विकास रंजन ने दिवंगत श्रीनंदन मंडल को स्वाभिमानी, साहसी और अपने अधिकारों एवं जिम्मेदारियों के प्रति सजग व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि –
वे अपने कार्यों के प्रति पूरी तरह समर्पित रहते थे। किसी भी जिम्मेदारी को स्वीकार करने के बाद उसे पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना उनकी विशेष पहचान थी। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कर्मठता और समर्पण अद्वितीय था।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में बिहार इंटक में श्रीनंदन मंडल जैसे समर्पित और प्रतिबद्ध साथी का मिलना बेहद कठिन है। उनका जाना व्यक्तिगत तौर पर ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कर पाना आसान नहीं होगा।
इंटक परिवार ने परिजनों के प्रति जताई संवेदना
विकास रंजन ने कहा कि इस गहरे सदमे और कठिन परिस्थिति से उबरने के लिए उन्हें स्वयं भी साहस और धैर्य की आवश्यकता है। उन्होंने ईश्वर से इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इंटक परिवार की ओर से उन्होंने दिवंगत श्रीनंदन मंडल के सभी परिजनों, मित्रों, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने और जीवन में आगे बढ़ने की शक्ति दें।



