Breaking

  • आकर्षक पंडाल में स्थापित की गई मां काली की भव्य प्रतिमा, दिवाली की देर रात संपन्न हुआ पूजन
  • मंदिर परिसर में लगा मेला, बुधवार को होगा प्रतिमा विसर्जन

सिकंदरा/जमुई। जमुई जिले के सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत ऐतिहासिक धार्मिक स्थल लछुआड़ स्थित काली मंदिर में दीपावली के अवसर पर रविवार की देर रात मां काली की पूजा-अर्चना पारंपरिक रीति-रिवाज और तांत्रिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भव्य पंडाल में मां काली की प्रतिमा स्थापित कर विशेष पूजन का आयोजन किया गया। पूजा को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही।

देवघर के पंडितों ने कराया तांत्रिक विधान से पूजन
पूजन कार्यक्रम देवघर के पंडा महेश्वर महाराज एवं पन्ना लाल मिश्र के द्वारा तांत्रिक विधि-विधान से संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मां काली की आराधना की गई। देर रात तक चले पूजा कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
मूर्तिकार पिता-पुत्र ने तैयार की आकर्षक प्रतिमा
मां काली की भव्य प्रतिमा का निर्माण राजकुमार आर्ट के मूर्तिकार राजकुमार रावत एवं उनके पुत्र सौरभ कुमार ने किया है। प्रतिमा को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं, पूजा स्थल पर भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है। आकर्षक सजावट और रोशनी से पूरा परिसर उत्सवी रंग में नजर आ रहा है।

आयोजन समिति के नेतृत्व में चल रही व्यवस्थाएं
पूजा एवं मेला आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष राकेश कुमार, सचिव मधुकर सिंह एवं कोषाध्यक्ष मनोज कुमार यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। समिति के सदस्य पूजा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और मेला संचालन में जुटे हुए हैं।
बुधवार को होगा प्रतिमा का विसर्जन
काली पूजा के अवसर पर मंदिर परिसर में मेला भी लगाया गया है, जहां स्थानीय लोगों के साथ आसपास के गांवों से पहुंच रहे श्रद्धालुओं की चहल-पहल देखी जा रही है। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें और मनोरंजन के साधन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। आयोजन समिति के अनुसार, बुधवार को धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इसके साथ ही इस वर्ष के काली पूजा उत्सव का समापन होगा।