- पिता के व्यक्तित्व, विचारों और जनसेवा के आदर्शों को बताया जीवन की प्रेरणा
- उनके अधूरे सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की कही बात
गिद्धौर/जमुई। गिद्धौर स्थित ऐतिहासिक लाल कोठी में शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय दिग्विजय सिंह की 71वीं जयंती भावपूर्ण माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर उनके परिजनों, शुभचिंतकों एवं समर्थकों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व, विचारों तथा जनसेवा के प्रति समर्पण को याद किया।
कार्यक्रम में उनकी छोटी पुत्री एवं जमुई विधानसभा क्षेत्र की विधायक सह बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने अपने पिता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें सादर नमन किया। वहीं, उनकी पत्नी एवं पूर्व सांसद पुतुल कुमारी ने भी तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ उनके पुराने शुभचिंतक और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पिता के आदर्श और विचार सदैव रहेंगे प्रेरणास्रोत : श्रेयसी सिंह
इस अवसर पर मंत्री श्रेयसी सिंह ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि उनके पिता का व्यक्तित्व, विचार, जनसेवा के प्रति समर्पण और समाज के लिए किए गए कार्य सदैव उनके लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और उनके दिखाए आदर्श जीवन के प्रत्येक कदम पर संबल प्रदान करते हैं।
उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि भले ही पिताजी आज उनके बीच शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद और उनकी परछाई हमेशा साथ रहती है। पिताजी ने जो सपने देखे थे, उन्हें धीरे-धीरे मुकाम तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी स्मृतियां सदैव हृदय में जीवंत रहेंगी। उनके आदर्शों को आत्मसात कर जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ते रहना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
जनसेवा और विकास कार्यों में योगदान को किया याद
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्व. दिग्विजय सिंह के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन को याद करते हुए बांका-जमुई सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान की चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनके विचार, जनसंपर्क और क्षेत्र के विकास के लिए किए गए प्रयासों को लोग आज भी स्मरण करते हैं।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा केशरी, भाजपा नेता बृजनंदन सिंह, लोजपा नेता सह बरहट प्रखंड प्रमुख रूबेन कुमार सिंह, राणा संजय सिंह, अजीत सिंह, सुबोध सिंह, रवि सिंह, लालो सिंह, रतन सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता, समर्थक एवं शुभचिंतक उपस्थित थे। सभी ने बारी-बारी से स्व. दिग्विजय सिंह के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान लाल कोठी का माहौल भावुक और स्मृतिमय बना रहा। परिजनों एवं शुभचिंतकों ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाज और क्षेत्र की सेवा के संकल्प को दोहराया।



