Breaking

गिद्धौर/जमुई। विनोबा भावे पब्लिक स्कूल में सोमवार को रचनात्मकता और उत्साह से भरा अनूठा आयोजन देखने को मिला। विद्यालय परिसर में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं के बजाय अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान अभिभावकों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर एक आकर्षक और मनमोहक रंगोलियां बनाईं।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभिभावक हुए सम्मानित
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अभिभावकों को विद्यालय के निदेशक विश्वास कुमार ने सम्मानित किया। इस पहल से विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। कार्यक्रम में शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
अभिभावक-शिक्षक के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
इस अवसर पर निदेशक विश्वास कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन केवल रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और सामूहिक सहभागिता की भावना भी विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर जुड़ाव बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। विद्यालय और परिवार के संयुक्त प्रयास से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक एवं सामाजिक वातावरण प्रदान किया जा सकता है।
शिक्षकों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षिकाओं बबीता कुमारी, पुष्पम कुमारी, पिंकी कुमारी, खुशी कुमारी, पूजा मल्लिक, अभिरूपा घोष एवं चंदा कुमारी की भूमिका रही।
वहीं शिक्षक स्वागत सिंह, राजीव कुमार और आकाश कुमार ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। आयोजन ने विद्यालय और अभिभावकों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने का संदेश दिया।