Breaking

जमुई/बिहार। अति नक्सल प्रभावित, पिछड़े एवं दुर्गम गुरमाहा गांव में बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक नई पहल की गई है। आजादी के बाद पहली बार गांव में सामुदायिक ‘बाल-बगिया’ केंद्र की शुरुआत की गई। इसका विधिवत उद्घाटन गांव की पहली मैट्रिक पास बालिका सपना ने किया। डॉक्टरों, ग्रामीणों और संस्था ‘समग्र सेवा, जमुई’ की पहल पर शुरू हुए इस केंद्र का उद्देश्य ग्रामीण बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, खेलकूद और बेहतर पोषण उपलब्ध कराना है।

आंगनबाड़ी की तर्ज पर संचालित होगा केंद्र
यह केंद्र 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए संचालित होगा। यहां बच्चों को खेल-खेल में प्रारंभिक शिक्षा देने के साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास पर ध्यान दिया जाएगा। बच्चों की नियमित रूप से लंबाई और वजन की जांच कर कुपोषण की पहचान एवं उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

95 बच्चों को मिले गर्म कपड़े और खिलौने
उद्घाटन कार्यक्रम में गुरमाहा के मुसहरीटांड़, कुमरतरी, बिचला टोला और आमा टोला के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान 95 बच्चों को स्वेटर, टोपी एवं खिलौने वितरित किए गए। संस्था की ओर से केंद्र में आने वाले बच्चों के लिए दैनिक पौष्टिक आहार की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इसमें अंडा, मौसमी सब्जियों से युक्त पोषण खिचड़ी, पोषण सत्तू तथा गुड़-चना शामिल होंगे।
ग्रामीणों ने चुनीं दो केयरगिवर दीदियां
केंद्र के नियमित संचालन और देखरेख के लिए आयोजित सामुदायिक बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से गांव की सोनिया देवी और मुलो देवी को केयरगिवर के रूप में चुना। इससे केंद्र के संचालन में स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित होगी।

सामुदायिक सहभागिता से बदलेगी बच्चों की तस्वीर
इस अवसर पर समग्र सेवा के सचिव मकेश्वर सहित संस्था के सदस्य अजय सिंह, मुकेश, जितेंद्र एवं अमरेश उपस्थित रहे। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सचिव मकेश्वर ने कहा कि यह केंद्र पूरी तरह समुदाय का है। इसके सफल संचालन से वन क्षेत्र के इन बच्चों को बचपन से ही बेहतर विद्यालय पूर्व शिक्षा और पोषण का वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने ग्रामीणों से केंद्र के संचालन में सक्रिय सहयोग की अपील की।