पटना/बिहार। बिहार सरकार ने चित्रगुप्त पूजा एवं भाई दूज के अवसर पर घोषित सरकारी अवकाश की तिथि में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 6 नवंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार अब 10 नवंबर (मंगलवार) के स्थान पर 11 नवंबर 2026 (बुधवार) को सरकारी अवकाश रहेगा।
इससे पहले राज्य सरकार ने वर्ष 2026 के लिए जारी अवकाश तालिका में चित्रगुप्त पूजा एवं भाई दूज के अवसर पर 10 नवंबर को कार्यपालक आदेश के तहत छुट्टी घोषित की थी। इस तिथि में बदलाव के लिए अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, पटना ने 27 अक्टूबर को तथा ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस ने 4 नवंबर को सामान्य प्रशासन विभाग को पत्र भेजकर अनुरोध किया था। दोनों संगठनों ने चित्रगुप्त पूजा का अवकाश 10 नवंबर के बजाय 11 नवंबर को निर्धारित करने की मांग की थी।
संगठनों के अनुरोध पर विचार करने के बाद सरकार ने पूर्व में जारी अधिसूचना में संशोधन करते हुए 11 नवंबर को अवकाश घोषित कर दिया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 2026 की अवकाश सूची के क्रमांक 11 में इस बदलाव को संशोधित माना जाएगा।
राज्यपाल के आदेश से सामान्य प्रशासन विभाग के अपर सचिव रजनीश कुमार ने यह अधिसूचना जारी की है। इसकी प्रतिलिपि बिहार राजपत्र के असाधारण अंक में प्रकाशन के लिए वित्त विभाग के ई-गजट कोषांग को भी भेजी गई है।




