जमुई/बिहार। छठ पूजा के शुभ अवसर पर ग्राम गादी बुकार स्थित उलाई नदी के तट पर आज 15 नवंबर की संध्या 7 बजे भव्य नदी उत्सव एवं गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में जमुई के जिलाधिकारी श्री नवीन कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा जिले के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित होने वाले इस नदी उत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ नदी संरक्षण, जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। गंगा आरती के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया जाएगा कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति और प्राकृतिक विरासत हैं।
आयोजकों के अनुसार, वर्तमान समय में नदियों का प्रदूषण, जल का अनियंत्रित दोहन एवं नदी क्षेत्रों में बढ़ता अतिक्रमण गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे में नदी उत्सव और गंगा आरती के माध्यम से समाज में नदी एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में यह संकल्प लिया जाएगा कि नदियों को स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाए रखने के लिए समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। साथ ही आने वाली पीढ़ी को भी अपनी प्राकृतिक विरासत नदियों की रक्षा के लिए आगे आने का संदेश दिया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है। गंगा आरती के माध्यम से “नदी बचेगी तो जल बचेगा, जल बचेगा तो जीवन बचेगा” का संदेश दिया जाएगा।
यह आयोजन छठ पूजा की आस्था को नदी और जल संरक्षण के संकल्प से जोड़ते हुए समाज में पर्यावरण संरक्षण की एक सकारात्मक पहल के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
नंदलाल सिंह जल प्रहरी जमुई बिहार



