Breaking

गिद्धौर/जमुई। प्रखंड मुख्यालय स्थित कन्या मध्य विद्यालय में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत ‘सुरक्षित शनिवार’ का आयोजन किया गया। अक्टूबर माह के पांचवें शनिवार को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम की थीम ‘स्वच्छता – एक कदम स्वास्थ्य की ओर’ रही। इस दौरान छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वच्छ वातावरण के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।

हाथों की सफाई से लेकर माहवारी स्वच्छता तक दी गई जानकारी
कार्यक्रम में छात्राओं को हाथ धोने का सही तरीका, व्यक्तिगत स्वच्छता और माहवारी के दौरान साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में बताया गया। साथ ही घर एवं आसपास के परिवेश की स्वच्छता, रसोईघर की साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, स्वच्छ पेयजल और शौचालय की स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। शिक्षकों ने बताया कि नियमित स्वच्छता की आदतें अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है।
अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में भी स्वच्छता पर जोर
बिहार सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा 31 अक्टूबर को राज्य के प्रारंभिक विद्यालयों में ‘स्वच्छता हमारी संस्कृति’ थीम पर मासिक अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित करने का निर्देश दिया गया था। इसी क्रम में विद्यालय में स्वच्छता, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और ई-कचरा के प्रति जागरूकता पर जोर दिया गया। अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, नियमित उपस्थिति एवं पढ़ाई के लिए घर में अध्ययन का अनुकूल वातावरण विकसित करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

शिक्षक एवं अभिभावकों की रही सहभागिता
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक निरंजन पासवान, शिक्षिका रीता कुमारी, सुजाता कुमारी, प्रतिभा रानी, अंशु माला, शिक्षक भारत कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अपने परिवार और समाज में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।