बरहट/जमुई। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को बरहट प्रखंड के मलयपुर स्थित जन शिक्षण संस्थान कार्यालय में प्रमाणपत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय द्वारा संचालित संस्थान के इस कार्यक्रम में विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 60 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण पूर्णता प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
120 दिनों के प्रशिक्षण के बाद मिला प्रमाणपत्र
कार्यक्रम के दौरान ब्यूटिशियन, कंप्यूटर असिस्टेंट एवं डाटा ऑपरेटर तथा सिलाई ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र दिया गया। इन सभी ने 120 दिनों में कुल 360 घंटे का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया था। संस्थान के निदेशक अंशुमान, प्रोग्राम असिस्टेंट विकास रंजन, कुंदन कुमारी, सोनी कुमारी एवं प्रोग्राम ऑफिसर पंकज कुमार ने प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए।
आत्मनिर्भरता और कौशल विकास पर दिया जोर
इस अवसर पर निदेशक अंशुमान ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ आत्मनिर्भर बनने का मार्ग प्रशस्त करता है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने भी अपने अनुभव और विचार साझा किए। इस दौरान हिमांशु कुमार, प्रिया कुमारी, मधु कुमारी, नीतू कुमारी एवं बंटी कुमार ने अपने प्रशिक्षण से जुड़े अनुभव बताए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता के साथ कौशल, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के महत्व पर भी चर्चा हुई।



