बरहट/जमुई। बरहट प्रखंड के कटौना गांव में वज्रपात की चपेट में आने से 16 वर्षीय सत्यम कुमार की मौत के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। इस हृदयविदारक घटना के बाद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का एक प्रतिनिधिमंडल जमुई सांसद अरुण भारती के निर्देश पर जिला अध्यक्ष जीवन सिंह के नेतृत्व में मृतक के घर पहुंचा और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार को इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान नेताओं ने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और हर स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इधर, जमुई सांसद अरुण भारती ने दूरभाष के माध्यम से मृतक सत्यम कुमार के पिता सघिक यादव से बातचीत कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन इस कठिन समय में वह और उनकी पार्टी परिवार के साथ हर कदम पर खड़ी रहेगी। सांसद ने जिला प्रशासन के अधिकारियों से भी बातचीत कर पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाली सभी सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया तथा हरसंभव मदद सुनिश्चित कराने का भरोसा दिया।
शोक संवेदना प्रकट करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में लोजपा (रामविलास) के जिला अध्यक्ष जीवन सिंह, लेबर सेल के प्रदेश सचिव बच्चू तांती, जमुई विधानसभा प्रभारी मुकेश विश्वकर्मा, जिला महासचिव विमल वर्मा, जिला महासचिव सकलदेव यादव, बरहट प्रखंड अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह, पार्टी नेता अजीत दुबे सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।







