प्राथमिक विद्यालय कुमरडीह में मिड-डे मील ठप, जर्जर किचन ने बढ़ाई परेशानी, बिना भोजन लौटे बच्चे - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - GKGPS

Post Top Ad - Sushant Sai Sundaram Durga Puja Evam Lakshmi Puja

मंगलवार, 5 मई 2026

प्राथमिक विद्यालय कुमरडीह में मिड-डे मील ठप, जर्जर किचन ने बढ़ाई परेशानी, बिना भोजन लौटे बच्चे

कोल्हुआ/गिद्धौर (Kolhua/Gidhaur), 5 मई 2026, मंगलवार : गिद्धौर प्रखंड के कोल्हुआ पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय कुमरडीह में मंगलवार को मध्याह्न भोजन योजना पूरी तरह ठप नजर आई। बच्चे रोज की तरह स्कूल पहुंचे, कक्षाओं में पढ़ाई भी हुई, लेकिन दोपहर में जब भोजन का समय आया तो किचन पर ताला लटका मिला। इससे बच्चों को बिना भोजन किए ही वापस घर लौटना पड़ा।

किचन की हालत बेहद खराब
विद्यालय के रसोईघर की स्थिति काफी जर्जर बताई जा रही है। किचन की छत पर लगे एस्बेस्टस कई जगहों से टूट चुके हैं, जिससे धूप सीधे अंदर आती है और बारिश के समय पानी टपकता है। रसोई का दरवाजा भी ऊपर से टूटा हुआ है, जिससे सुरक्षा और स्वच्छता दोनों पर सवाल उठ रहे हैं। ऐसी हालत में भोजन बनाना संभव नहीं हो पा रहा है।

उपस्थिति का नहीं मिला सही आंकड़ा
जब विद्यालय में मौजूद छात्रों की संख्या के बारे में शिक्षकों से जानकारी ली गई, तो कोई भी स्पष्ट आंकड़ा नहीं बता सका। इससे विद्यालय की व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं।
क्या कहते हैं बच्चे और शिक्षक?
बच्चों का कहना है कि सिर्फ मंगलवार को ही खाना नहीं बना, अन्य दिनों में भोजन मिलता है। वहीं, एक शिक्षिका ने सफाई देते हुए कहा कि बिजली नहीं रहने के कारण भोजन तैयार नहीं हो सका।

ग्रामीणों में नाराजगी
इस घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सरकार की महत्वपूर्ण योजना के बावजूद ऐसी लापरवाही बच्चों के भविष्य और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द रसोई की मरम्मत कराकर भोजन व्यवस्था को नियमित किया जाए।

Post Top Ad - LHMU Hair Treatment