खैरा/जमुई। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जन-जागरूकता को लेकर लगातार सक्रिय सामाजिक संस्था “साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई” (पंजीकृत) द्वारा रविवार को अपनी 522वीं रविवारीय साइकिल यात्रा का सफल आयोजन किया गया। यह साइकिल यात्रा जमुई स्थित श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम से प्रारंभ होकर खैरा प्रखंड के बाघाखार ग्राम तक पहुँची। यात्रा के दौरान संस्था के सदस्यों ने साइकिल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
बाघाखार ग्राम पहुँचने के बाद संस्था के सदस्यों द्वारा निजी भूमि पर पौधारोपण किया गया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। पौधारोपण के माध्यम से संस्था ने यह संदेश दिया कि प्रकृति के संरक्षण से ही आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है।
यात्रा के दौरान सदस्य राहुल राठौर ने उपस्थित लोगों को सर्दी के मौसम में पौधारोपण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह समय फूलों और पौधों के रोपण के लिए अत्यंत उपयुक्त होता है, क्योंकि इस मौसम में पौधों की वृद्धि तेज होती है और उन्हें कम देखभाल में भी बेहतर पोषण मिल जाता है। इससे पर्यावरण स्वच्छ, सुंदर और संतुलित बना रहता है।
मौके पर मौजूद शैलेश कुमार और राजीव रंजन कुमार ने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। रंग-बिरंगे फूल और हरियाली मन को प्रसन्न करती है तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। साथ ही पौधारोपण से मधुमक्खी, तितली जैसे परागण करने वाले जीवों का संरक्षण भी होता है, जो पारिस्थितिकी संतुलन के लिए जरूरी हैं।
संस्था के सदस्य नीरज कुमार ने बाघाखार ग्राम के स्थानीय लोगों से अपील की कि वे अपने घरों, आंगनों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएँ और उनकी नियमित देखभाल करें। उन्होंने प्लास्टिक मुक्त समाज की आवश्यकता पर भी बल दिया और स्वच्छता व स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर संस्था के कई सक्रिय सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे। इनमें राजा सिंह, शैलेश भारद्वाज, शिवेश पांडेय, अमन सिंह चंदेल, अभिनय दुबे, सिंटू कुमार, शिवम कुमार, अभिमन्यु कुमार, रतन कुमार, राकेश कुमार, रामप्रवेश कुमार, राजीव रंजन सर, शैलेश कुमार, सुजीत कुमार, ध्रुप रॉय, नीरज कुमार, हर्ष कुमार, विवेक कुमार लक्की, गोलू कुमार, शुभम कुमार, सचिराज पद्माकर, सिंटू राज पांडे, राहुल राठौर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल थे।
संस्था के सदस्यों ने कहा कि इस तरह की साइकिल यात्राओं और पौधारोपण अभियानों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है, ताकि समाज का प्रत्येक व्यक्ति प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझ सके और हरियाली बढ़ाने में अपना योगदान दे सके।







