सोनो/जमुई। शनिवार को जमुई जिला के सोनो बाज़ार में जलजमाव की समस्या से स्थायी निजात दिलाने के लिए चल रहे नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण बिहार सरकार के विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुमित कुमार सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की प्रगति का जायज़ा लिया और संबंधित अधिकारियों व कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार यह नाला लगभग 3200 फ़ीट लंबा होगा। इसके निर्माण के बाद बरसात के दिनों में घरों से निकलने वाला पानी, जो अब तक सड़कों पर फैलकर लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता था, सीधे नाले में गिरेगा और नाले के माध्यम से पानी बरनार नदी तक पहुँच जाएगा। इससे पूरे क्षेत्र में जलजमाव की समस्या से आमजन को राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री सुमित कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र का विकास ही उनकी राजनीति की असली पहचान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे केवल शिलान्यास और उद्घाटन तक सीमित नहीं रहते, बल्कि चल रहे कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर भी नज़र रखते हैं। उन्होंने बताया कि बीते पाँच वर्षों में उनकी प्राथमिकता और सक्रियता का ही परिणाम है कि सोनो-चकाई क्षेत्र में हज़ारों करोड़ रुपये की विकास योजनाएँ धरातल पर उतरी हैं और आम लोगों तक उसका लाभ पहुँच रहा है।
मंत्री ने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में भी विकास कार्यों की गति और तेज होगी तथा जनता की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सरकार हरसंभव प्रयास करती रहेगी।