वरिष्ठ पत्रकार राजीव मिश्र वीआईपी पार्टी में जल्‍द होंगे शामिल - gidhaur.com : Gidhaur - गिद्धौर - Gidhaur News - Bihar - Jamui - जमुई - Jamui Samachar - जमुई समाचार

Breaking

Post Top Ad - Contact for Advt

Post Top Ad - SR DENTAL, GIDHAUR

मंगलवार, 1 अक्टूबर 2019

वरिष्ठ पत्रकार राजीव मिश्र वीआईपी पार्टी में जल्‍द होंगे शामिल



पटना [अनूप नारायण] :
देश के प्रख्यात पत्रकार श्री राजीव मिश्र ने जल्‍द ही विकासशील इंसान पार्टी में शामिल होने वाले हैं। राजीव मिश्र, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय ललित नारायण मिश्र और पूर्व मुख्‍यमंत्री स्वर्गीय डाक्टर जगन्नाथ मिश्र के परिवार से आते हैं, जो अब राजनीति में सन ऑफ मल्‍लाह विकासशील इंसान पार्टी में शामिल होकर राजनीति में अपना कदम रख रहे हैं। उनके पिता स्वर्गीय मृत्युंजय नारायण मिश्र भी सीधे तौर पर राजनीति से जुड़े हुए थे। अब वे भी बिहार, खासकर मिथिला की सक्रिय राजनीति में उतरने को तैयार हैं।

राजीव मिश्र, एक प्रखर पत्रकार हैं, जो अब राजनीति में अपने जीवन की एक नई पारी की शुरुआत कर रहे हैं। फिलहाल वे देश के नामी शिक्षण संस्थान एमिटी परिवार द्वारा संचालित एमिटी टीवी के सर्वेसर्वा हैं। उनका जन्म बिहार की एक प्रतिष्ठित राजनीतिक मिश्र परिवार में हुआ है। बलुआ बाजार, सुपौल के वे मूल निवासी हैं। इनका बचपन एक राजनीतिक और सामाजिक सरोकार रखने वाले परिवार में बीता। प्रारम्भिक शिक्षा इनकी सहरसा और पटना में हुई जबकि पत्रकारिता और व्यवसायिक शिक्षा छात्रवृति हासिल कर विदेश में पूरी की। आपने पत्रकारिता की शुरुआत हिन्दुस्तान से की और आगे चलकर देश के नामचीन मीडिया हाउस, स्टार, जी, इन्डिया न्यूज, न्यूज 24 और न्यूज 18 के लिए काम किया।

राजीव मिश्र करीब 3 वर्षों तक लोकसभा टीवी के लिए बतौर सीइओ और सीएसआर प्रमुख के तौर पर बहुराष्ट्रीय कम्पनी सैमसंग के लिए भी सेवा दी है। इसके अतिरिक्त पिछले कई वर्षों से आप भारत सरकार द्वारा गठित कई मंत्रालयों की कमेटियों के मेम्बर हैं। व्यक्तित्व में इतनी विविधता और पेशागत व्यस्तता के बावजूद राजीव ने अपने आप को अपनी मिट्टी से जोड़े रखा। गांव और प्रदेश के लोगों और इनके नेतृत्व से आपका लगाव जगजाहिर है। सामाजिक सरोकार को जीने की कला आपको अपने परिवार से मिला है। शायद यही कारण है कि आज की तारीख में आपने सक्रिय राजनीति में शामिल होने का निर्णय लिया है।

राजनीति की इस नई पारी के लिए उन्‍होंने माननीय मुकेश सहनी द्वारा संरक्षित VIP (विकासशील इंसाफ पार्टी) में शामिल होने का निर्णय लिया है। मालूम हो कि मुकेश सहनी ने अपनी पार्टी VIP का गठन एक साल पहले किया था, जो एक महज संयोग नहीं है बल्कि सूबे के लिए एक सबल, सुयोग्य औऱ समर्पित विकल्प है। युवा और प्रगतिशील सोच पर आधारित यह पार्टी सामाजिक समरसता में विश्वास रखती है और यही कारण है कि राज्य की अन्य पार्टियों से इतर विकासशील इंसान पार्टी अपनी अलहदा पहचान रखती है।

शुरुआती दिनों में मुकेश सहनी के पास कई राजनीतिक विकल्प आए, मगर सबको नकारते हुए खुद शिल्पकार की भूमिका में रहकर विकासशील इंसान पार्टी को गढ़ने में लग गए। आज नतीजा सामने है। राज्य के हर तबके, हर जाति और हर वर्ग का समर्थन VIP  को मिल रहा है। राज्य की जनता सूबे की वर्तमान सरकार से आजिज आ चुकी है। जाहिर है, एक संवेदनशील, सजग और सरोकारी बिहारी पुत्र होने के नाते राजीव मिश्र ने इसे अपना फर्ज मानते हुए आज विकासशील इंसान पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया। राजीव मिश्र के VIP में शामिल होने के बाद पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी तो दूसरी तरफ बिहार और खासकर मिथिलांचल में राजनीति के जातीय समीकरण बदल जाएंगे। बिहार की राजनीति के लिए यह एक शुभ संकेत है।

Post Top Ad -