Breaking News

6/recent/ticker-posts

सीवान : धूमधाम से मनाया जा रहा है सूर्योपासना का महापर्व छठ

सीवान [प्रियंका प्रसाद/सुशान्त साईं सुन्दरम] :
भगवान सूर्य की उपासना का प्रसिद्ध छठ पर्व सिवान जिलान्तर्गत हसुआँ गांव में भी धूमधाम से मनाया जा रहा है। त्योहार को लेकर महिलाएं उत्साहित हैं। गुरुवार को नहाय-खाय अनुष्ठान के साथ व्रत प्रारम्भ हुआ। शुक्रवार को खरना का भोग लगाकर व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया। जिसके बाद 36 घंटों का निर्जला-निराहार कठिन व्रत शुरू हुआ।

शनिवार को डूबते हुए सूर्य को अर्ध्य दिया गया। व्रतियों ने गांव के फूलनी पोखर में छठ मईया को अर्घ्य अर्पण कर सपरिवार मनोकामनाएं मांगी। यहाँ कोसी भरने की भी परंपरा चली आ रही है, जिसका पालन करते हुए छठ व्रतियों ने कोसी भरा।
दीवाली खत्म होते ही महिलाएं छठ पूजा की तैयारियों में जुट गई थीं। बांस की टोकरी, कच्ची हल्दी, अदरक, दीपक आदि पूजा की सामग्री की खूब खरीदारी की गई। साथ ही छठ घाट एवं रास्तों की भी साफ-सफाई हुई। रविवार को उगते हुए सूर्य को अर्ध्य देने के साथ इस महापर्व का समापन हो जाएगा। छठ के मद्देनज़र सार्वजनिक सहयोग से सारे इंतजाम पूरे किए गए हैं।
रविवार सुबह पानी में खड़े होकर श्रद्धालु उगते सूर्य की पूजा करेंगे, फिर छठ मइया का प्रसाद खाने के बाद व्रत तोड़ा जाएगा।