Breaking News

6/recent/ticker-posts

चिराग पासवान ने जारी रखा परिवारवाद, भाई प्रिंस को सौंपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष का पद


25 अक्टूबर, 2019

पटना : लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अंतरिम राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपने चचेरे भाई प्रिंस राज को पार्टी का बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनाने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि वे अपने छोटे भाई को यह ज़िम्मेदारी खुशी के साथ सौंप रहे हैं, और उन्हें उम्मीद है कि प्रिंस इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगे। चिराग पासवान ने उक्त बातें पटना में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कही. 

प्रिंस राज समस्तीपुर उपचुनाव में राजग के प्रत्याशी थे, जिसका परिणाम गुरूवार को आया. प्रिंस राज इस चुनाव में विजयी हुए. उन्होंने एक लाख से अभी अधिक मतों के अंतर से कॉंग्रेस प्रत्याशी डॉ अशोक कुमार को हराया.

प्रिंस राज केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान के भाई स्व. रामचन्द्र पासवान के पुत्र हैं. दरअसल 2019 के मुख्य लोकसभा चुनाव में रामचन्द्र पासवान ही समस्तीपुर से सांसद बने थे. विगत 21 जुलाई को उनके देहांत होने के बाद यह सीट खाली हुई थी. उपचुनाव में उनके पुत्र को यहाँ से प्रत्याशी बनाया गया. वे विजयी भी हुए, और इस अवसर का उपयोग करते हुए चिराग ने पार्टी के बिहार अध्यक्ष की कमान भी प्रिंस राज को सौंप दी. इस तरह पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और बिहार प्रदेश अध्यक्ष दोनों ही महत्वपूर्ण पद केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के परिवार में ही सिमट कर रह गया.

चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में आगामी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की बात दोहराई. प्रेस-कॉन्फ्रेंस में उपस्थित मीडिया के एक भी प्रतिनिधि चिराग पासवान से नई पीढ़ी में भी परिवारवाद की यथावत स्थिति पर सवाल करने की हिम्मत नहीं जुटा पाये.