Breaking News

6/recent/ticker-posts

पटना : आप ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी पर लगाया भूमाफिया होने का आरोप

[पटना | अनूप नारायण] :
आम आदमी पार्टी ने भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी पर भूमाफिया होने का आरोप लगाया है। पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष शत्रुघ्न साहु ने प्रेस-वार्ता में बताया कि वास्तु विहार का निर्माण का सपना बिहार की गरीब जनता के साथ कुरुर मजाक है। उन्होंने कहा कि यदि सही तरीके से जांच हो तो वास्तु विहार का निर्माण एक बहुत बड़ा घोटाला और फर्जीवाड़ा साबित होगा। बिहार की गरीब जनता ने एक अदद मकान के लिए जीवन भर की कमाई लगा दिया। आज उनके सपनों पर पानी फिर गया है, आज वे सड़कों पर रहने के लिए विवश है।  वास्तु विहार घोटाला के सूत्रधार मनोज तिवारी दिल्ली में एयर कंडीशन में बैठकर बिहार की जनता को मुंह चिढ़ा रहे हैं।
शत्रुघ्न साहु ने कहा कि बिहार सहित देश के कई राज्यों में इस कंपनी पर दर्जनों मुकदमें चल रहे हैं। मनोज तिवारी की स्वामित्व वाली इस कंपनी ने हजारों लोगों के अरबों रूपये डकार लिये। बिहार में भी इस कम्पनी पर अनेकों मुकदमें है।  बिहार के दरभंगा में वाद संख्या 696/2017 एवं पटना में 1253/ 2017, टाइटल सूट  417/2017 न्यायालय में फर्जीवाड़ा की शिकायतें हैं। किन्तु राज्य सरकार मनोज तिवारी के राजनीतिक वर्चस्व की वजह से बचा रही है। राज्य के मुख्यमंत्री का ऐसे संवेदनशील मामलों पर चुप्पी साधे रहना दुर्भाग्यपूर्ण  हैं। जिन हजारों साधारण लोगों के गाढ़े मेहनत की कमाई को घर का झूठा सपना दिखाकर लूट लिया गया, उन मेहनतकश पीड़ितों की पुकार सुनने वाला कोई नहीं है।
साहु ने कहा कि अगर राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब भी मनोज तिवारी के नेतृत्व में राज्य के आम लोगों को ठगी का शिकार बना रही कम्पनी पर लगाम नहीं लगायेंगे, तो यह माना जायेगा कि भूमाफिया कंपनी वास्तु विहार एवं राज्य सरकार के बीच कोई-न-कोई साँठ-गाँठ जरूर है। अगर मुख्यमंत्री सप्ताह भर के भीतर इस फर्जी कम्पनी द्वारा राज्य भर में किये गये लूट के जाँच की आधिकारिक आदेश नहीं देंगे, तो आम आदमी पार्टी जनसंघर्ष का शंखनाद करेगी।
मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार और मिथलेश सिंह, चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ पंकज गुप्ता, प्रदेश प्रवक्ता कुसुमलता दास, उमा दफ़्तुआर, डॉ सुरेंद्र, लोकेश सिंह, विक्रम साह, बबलू प्रकाश, सुयश ज्योति, शामिल रहें।