Breaking News

6/recent/ticker-posts

गिद्धौर : सत्य साईं जन्मोत्सव पर हुआ भजन, महाभोज व कम्बल वितरण

Gidhaur.com (न्यूज़ डेस्क) : गुरुवार को श्री सत्य साईं सेवा समिति गिद्धौर द्वारा श्री सत्य साईं बाबा का 92वां जन्मोत्सव मनाया गया। इसके तहत गिद्धौर के पंचमंदिर प्रांगण में जिलास्तरीय भजन-संकीर्तन-प्रवचन एवं नारायण महाभोज खिचड़ी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सत्य साईं संगठन के ट्रस्टी एवं बिहार-झारखंड राज्य समन्वयक उमाशंकर शर्मा एवं संगठन के जमुई जिलाध्यक्ष डॉ. रामसेवक पासवान द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
श्री सत्य साईं सेवा समिति गिद्धौर संयोजक बलराम साव द्वारा अतिथि द्वय को सम्मानित किया गया।  
इस अवसर पर मुख्य अतिथि उमाशंकर शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि श्री सत्य साईं सेवा संगठन एक आध्यात्मिक संगठन है। जिसमें विश्व के सभी धर्म, समुदाय एवं जाति के लोग शामिल हैं। सत्य साईं बाबा के मूल उद्देश्य 'मानव सेवा ही माधव सेवा है' को चरितार्थ करते हुए लोकहित के सामाजिक कार्य किये जाते हैं। सेवा के माध्यम से ही सांसारिक और पारलौकिक सुख दोनों उपलब्ध हो सकता है। सत्य साईं सेवा संगठन द्वारा मुफ़्त सेवा के क्षेत्र में विश्वस्तरीय अस्पताल, शिक्षा एवं पेयजल सहित अन्य सेवा कार्य उपलब्ध करवाया जा रहा है। श्री सत्य साईं सेवा संगठन 190 देशों में संचालित किया जा रहा है एवं सभी समितियों द्वारा सक्रीय रूप से सेवा कार्य चल रहा है। सत्य साईं बाबा ऐसे अवतार थे जिन्होंने संसार को एक बंधन में बांधकर एक मंच पर लाकर खड़ा किया। भारत के वैदिक और सनातन धर्म को जीवंत और जागृत किया जो चिरकाल तक जीवित रहेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. रामसेवक पासवान ने श्री सत्य साईं बाबा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए मानव सेवा के क्षेत्र में उनके द्वारा किये गए सत्कार्यों की विस्तृत चर्चा की। उन्होंने साईं अवतार की सार्थकता पर संक्षिप्त चर्चा करते हुए कहा कि जाति केवल एक है मानवता की, धर्म केवल एक है प्यार का, भाषा केवल एक है हृदय की तथा ईश्वर केवल एक है जो सर्वत्र विराजमान है।
इस अवसर पर 100 जरूरतमंदों के बीच कम्बल का वितरण किया गया।
संगठन के जिला मीडिया प्रभारी सुशान्त साईं सुंदरम ने बताया कि वर्ष 1992 में तत्कालीन राज्याध्यक्ष बी. जी. बोस एवं सत्य साईं सेवा समिति गिद्धौर के तत्कालीन संयोजक डॉ. प्रफुल्ल कुमार सिन्हा द्वारा सत्य साईं बाबा के जनमोत्स्व पर नारायण महाभोज की शुरुआत की गई थी जो की अहर्निश जारी है। इस नारायण भोज में तीन हजार से अधिक नर-नारायण खिचड़ी महाप्रसाद ग्रहण करते हैं।
उन्नति क्लासेज़, गिद्धौर के सहयोग से बच्चों के बीच चॉकलेट का वितरण किया गया। कार्यक्रम को गिद्धौर समिति संयोजक बलराम साव ने भी संबोधित किया और स्थानीय समिति द्वारा किये जा रहे सेवा कार्यों को विस्तारपूर्वक बताया। भजन कार्यक्रम में श्वेता सिन्हा, मेघा सिन्हा, खुशबु, गौरी एवं अन्य गायकों की सुमधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
जिलास्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन में शशि कुमार, बिनोद गुप्ता, मिलिंद झा, कपिलदेव साव, गोपाल जी, नालो जी, नंदकिशोर रावत, दिनेश वर्मा, भगीरथ यादव, झरी यादव, घनश्याम यादव, मुन्ना जी, मनीष कुमार सहित अन्य सभी साईं भक्तों का सकारात्मक योगदान रहा। इस अवसर पर हजारों नर-नारियों ने खिचड़ी महाप्रसाद ग्रहण किया। 

विकास कुमार 
गिद्धौर      |      26/11/2017, रविवार 
www.gidhaur.com