Breaking News

6/recent/ticker-posts

सत्येन्द्र नारायण सिंह की पुत्रवधू पूर्व सांसद श्यामा सिंह का निधन

Gidhaur.com (विशेष) : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सत्येन्द्र नारायण सिंह की पुत्रवधू व पूर्व सांसद श्यामा सिंह का रविवार की देर रात दिल्ली में निधन हो गया. वे काफी दिनों से गंभीर रुप से अस्वस्थ थीं. श्यामा सिंह पूर्व सांसद व केरल के पूर्व राज्यपाल रहे निखिल कुमार की धर्मपत्नी थीं. उन्होंने वर्ष 1999 से लेकर 2004 तक औरंगाबाद लोकसभा का प्रतिनिधित्व किया और इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई उल्लेखनीय कार्य किये.

श्यामा सिंह का जन्म 26 नवम्बर 1942 को भारत के पहले फाइनेंस सेक्रेटरी टी. पी. सिंह के घर हुआ था. उनकी माँ माधुरी सिंह ने भी दो बार पूर्णिया संसदीय क्षेत्र से लोकसभा का प्रतिनिधित्व किया. उनकी प्रारम्भिक शिक्षा-दीक्षा पटना में ही हुई और दिल्ली के इन्द्रप्रस्थ महिला कॉलेज से इतिहास विषय से उन्होंने स्नातक किया.

वह पूर्व ब्यूरोक्रेट्स और राज्यसभा के सांसद रहे एन. के. सिंह की बहन थीं. स्व. श्यामा सिंह के छोटे भाई उदय सिंह भी पूर्णियां से सांसद रह चुके हैं. श्यामा सिंह के निधन को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, राजद के प्रवक्ता चितरंजन गगन सहित कई राजद नेता, बिहार प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व मंत्री प्रो. रामजतन सिन्हा, कांग्रेस नेता प्रेमचंद मिश्रा, भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, बिस्कोमान के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह सहित कई राजनेताओं ने अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है. एलडीबी बैंक के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह के अलावा कई दिग्गज कांग्रेसी नेता स्व. श्यामा सिंह के अंतिम संस्कार में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हो रहे हैं.
काफी मिलनसार छवि और व्यक्तित्व वाली श्यामा सिंह को हमारी श्रद्धांजलि!

(अनूप नारायण)
Gidhaur.com     |      11/09/2017, सोमवार

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ