Breaking News

6/recent/ticker-posts

बड़ी खबर : जदयू में शामिल होंगे प्रगति मेहता, राजद को बड़ा झटका

Gidhaur.com - राजनीति में कब क्या उलटफेर हो जाए कभी कुछ पता ही नहीं चलता। अप्रत्याशित घटनाएं आए दिन भारतीय राजनीति में घटित होते रहती है। ऐसे में देश की राजनीति से कदमताल करने वाला बिहार के जमुई जिले का छोटा सा प्रखंड गिद्धौर कैसे अछूता रह सकता है। गिद्धौर आदिकाल से ही देश एवं राज्य की राजनीति का केंद्र रहा है। बांका संसद स्व. दिग्विजय सिंह, जनता दल यूनाइटेड के धुरंधर नेता दामोदर रावत, आम आदमी पार्टी के नेता धनंजय कुमार सिन्हा, शिक्षक नेता आनंद कौशल सिंह सभी की विशेषताएं यह है कि ये सभी गिद्धौर से सम्बन्ध रखते हैं। स्वतंत्रता दिवस के बाद की अहले सुबह बिहार के जमुई जिले की राजनीति में एक बड़ी उलटफेर की खबर सामने आ रही है। गिद्धौर के ही निवासी दिग्गज राजनेता प्रगति मेहता, जो कि राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारिणी के सदस्य, प्रदेश प्रवक्ता, मीडिया प्रभारी, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष होने के अलावा 2014 के लोकसभा चुनाव में राजद के उम्मीदवार रह चुके हैं, उनके सूबे की सत्तारूढ़ पार्टी जदयू में शामिल होने की खबर है। इस बात की जानकारी जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष व बिहार के पूर्व मंत्री श्री दामोदर रावत ने दी। प्रगति मेहता राजद के कद्दावर चेहरा माने जाते हैं। बिहार की राजनीति में जुझारू एवं जमीनी नेता के रूप में इनकी पहचान है। 
लालू को बड़ा झटका
राजद सुप्रीमो लालू यादव के चहेते रहने वाले प्रगति मेहता पत्रकारिता से राजनितिक आखाड़े में आये और कम समय में ही अपनी सौम्य, विनम्र व मृदुभाषी छवि से जनता एवं विपक्ष के दिलों में भी अपनी गहरी पैठ बना ली। यही वजह रही की राजद ने भी उनके ऊपर विभिन्न विभागों की बड़ी जिम्मेदारियां दी। जहाँ एक ओर यादव परिवार भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहा है और लालू पुत्र-पुत्रियों पर सीबीआई का शिकंजा है और इसी वजह से महागठबंधन से अलग होकर नीतीश कुमार ने एनडीए के समर्थन से बिहार में पुनः अपनी सरकार बना ली है। तो ऐसे में राजद के लिए यह एक बड़े झटके की तरह होगा। गौरतलब है कि दामोदर रावत एवं प्रगति मेहता का गृहनगर जमुई जिले के गिद्धौर में ही है। श्री मेहता के जदयू में शामिल हो जाने से जमुई जिला राजद को बड़ा नुकसान होगा। इसके अलावा मुंगेर लोकसभा क्षेत्र में भी राजद को बड़ा झटका लगेगा। 
दामोदर रावत
जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष दामोदर रावत ने प्रगति मेहता को पार्टी में शामिल होने के लिए बधाई दी। प्रगति आज अपने समर्थकों के साथ जदयू प्रदेश कार्यालय पटना में आज दिन के 12 बजे जदयू प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह एवं राज्यसभा सांसद रामचंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पार्टी का दामन थामेंगे। प्रगति के साथ राजद अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के सचिव ज्ञानेंद्र कुमार ज्ञानी, युगल किशोर राय, रोहित रंजन यादव, मकुन्द यादव एवं हजारों समर्थक भी जदयू की सदस्यता लेंगे। उनके जदयू में शामिल होने पर युवा जदयू के प्रदेश महासचिव राजीव रावत, जदयू नेता पंकज सिंह सहित एनडीए के नेता-कार्यकर्ताओं ने भी बधाई दी है। जदयू नेताओं ने कहा कि श्री मेहता के पार्टी में शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।

यहाँ यह बता दें कि लालू पुत्र पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव के महागठबंधन टूटने के खिलाफ जनादेश अपमान यात्रा की कड़ी में जमुई में कल गुरुवार को प्रस्तावित कार्यक्रम है। ऐसे में ऐन मौके पर प्रगति मेहता के राजद से अलग होकर जदयू खेमे में आना जमुई राजद के लिए एक बहुत बड़ा झटका होगा। 

सुशान्त साईं सुन्दरम
gidhaur.com   |   16/08/2017, बुधवार 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ