Breaking News

6/recent/ticker-posts

बड़ी खबर : प्रगति ने लालटेन छोड़ थामा तीर, टूटा राजद का स्तम्भ

Gidhaur.com  -  बिहार के राजनीतिक परिदृश्य में बुधवार को एक बड़ी उलटफेर देखने को मिली। राष्ट्रीय जनता दल अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं 2014 लोकसभा में राजद के मुंगेर प्रत्याशी श्री प्रगति मेहता आज जनता दल यूनाइटेड में शामिल हो गए। उन्हें जदयू बिहार प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने पार्टी की सदस्यता दिलाई एवं माला पहना कर उनका स्वागत किया। पार्टी में शामिल होने के बाद श्री मेहता ने कहा कि हमलोग समाज के लिए देश के लिए कुछ काम करने आते हैं और एक सम्मान की चाहत होती है। मुझे लग रहा है कि सही जगह मैं आया हूँ। सम्मान जो मिल रहा है और सम्मान की जो उम्मीद लोग करते हैं इसकी वह सही जगह है। माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जो विकास किया है और उनका जो विजन है और सबसे बड़ी बात भ्रष्टाचार के मसले पर जो जीरो टोलेरेंस का उनका दृढ संकल्प है उससे मैं काफी प्रभावित हूँ। उन्होंने दाएं-देखा न बाएं देखा अपनी निति पर अडिग रहे और उन्होंने कड़ा फैसला लिया। भ्रष्टाचार से हम समझौता नहीं कर सकते, कुर्सी रहे चाहे जाए।
प्रगति मेहता ने कहा कि राजद में कोई सिस्टम नहीं है। ना ही उस पार्टी में कभी कोई सम्मान मिला खासकर अत्यंत पिछड़ों को वहां निःसंकोच दूसरे नजरिये से देखा जाता है। सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। राजनीति में जहाँ सम्मान मिले वही रहना चाहिए। श्री मेहता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ़ करते हुए कहा कि नीतीश जी की जीरो टॉलरेंस की नीति मुझे पसंद है। मुख्यमंत्री के विज़न ने बहुत प्रभावित किया है। जिस वजह से आज उनके साथ जुड़ रहा हूँ।  भ्रष्टाचार पर उन्होंने कोई समझौता नहीं किया। जदयू एक सिस्टम की पार्टी है। 
प्रगति मेहता पत्रकारिता से राजनीती के क्षेत्र में आये है। लंबे समय तक मुज़फ़्फ़रपुर में उन्होंने पत्रकारिता की है। इस अवसर पर जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह, विधान पार्षद संजय गांधी, पार्टी के वरिष्ठ नेता रविंद्र सिंह, डॉ नवीन आर्या, मुख्यालय प्रभारी अनिल कुमार, प्रवक्ता निखिल मंडल, ओमप्रकाश सेतु सहित तमाम नेता कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

gidhaur.com    |     16/08/2017, बुधवार

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ